NEET अभ्यर्थियों के साथ परिजनों के लिए भी राहत, दिल्ली में कूलिंग जोन की तैयारी

नई दिल्ली | 21 जून को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) को लेकर दिल्ली सरकार ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं. सरकार ने परीक्षा देने वाले छात्रों के साथ- साथ उनके अभिभावकों की सुविधा पर भी ध्यान केंद्रित किया है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जानकारी दी कि परीक्षा केंद्रों पर आने वाले परीक्षार्थियों के साथ उनके परिजनों के लिए भी आरामदायक इंतजाम किए जा रहे हैं. इसके तहत, सभी केंद्रों के बाहर कूलिंग जोन बनाए जा रहे हैं जहां बैठने की सुविधा, स्वच्छ पेयजल, शिकंजी जैसी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.

EXAM CENTER

दिल्ली में नीट परीक्षा के लिए कुल 97 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 69 सरकारी स्कूल और 28 केंद्रीय विद्यालय शामिल हैं. इन केंद्रों के आसपास जिला प्रशासन द्वारा विशेष कूलिंग जोन स्थापित किए जा रहे हैं.

यह सुविधाएं उपलब्ध

परीक्षा के दौरान छात्र तो केंद्र के अंदर होते हैं लेकिन बाहर उनके परिजन घंटों धूप में इंतजार करते हैं. कई लोग पेड़ों की छांव, पार्क या आसपास की जगहों पर समय बिताने को मजबूर होते हैं. भीषण गर्मी में यह स्थिति काफी कठिन हो जाती है जिसे देखते हुए अब यह नई व्यवस्था लागू की जा रही है. CM ने बताया कि डिविजनल कमिश्नर के निर्देश पर सभी जिलों में संबंधित अधिकारी कूलिंग जोन की व्यवस्था सुनिश्चित कर रहे हैं. इन स्थानों पर बैठने की व्यवस्था के साथ- साथ ORS, चाय और प्राथमिक चिकित्सा जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी.

बनेगा उदाहरण

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार की यह पहल अभिभावकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए की गई है और यह अन्य राज्यों के लिए भी उदाहरण बन सकती है. इसके अलावा, सरकार ने बताया कि राजधानी में भीषण गर्मी से राहत देने के लिए विभिन्न स्थानों पर 85 शेड बनाए गए हैं, 15 कूलिंग जोन संचालित किए जा रहे हैं और 13 मोबाइल राहत वैन भी चलाई जा रही हैं.

यह भी पढ़े -  लाल किले पर पहली बार गूंजेंगे 'वंदे मातरम्' के सभी 6 छंद, जानिए क्या है खास तैयारी
Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.