हरियाणा का पहला बैरियर- फ्री टोल बनेगा बसताड़ा, बिना रुके सीधे निकलेंगे वाहन

करनाल | बसताड़ा टोल प्लाजा हरियाणा का पहला टोल बनने जा रहा है जहां 23 जून से मल्टी लेन फ्री फ्लो (MLFF) सिस्टम लागू होगा. इसके लागू होते ही वाहन चालकों को टोल प्लाजा पर रुकने, लाइन में लगने या बैरियर खुलने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा. वाहन सामान्य गति से सीधे टोल क्षेत्र से गुजरेंगे और फास्टैग के जरिए टोल राशि अपने आप कट जाएगी. इस सिस्टम के लागू होने से समय और ईंधन की बचत होगी, ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी और सफर पहले से ज्यादा आसान व तेज हो जाएगा. टोल भुगतान, फास्टैग, जुर्माना, नंबर प्लेट से छेड़छाड़ पर चालान, लोकल पास और कर्मचारियों की भूमिका से जुड़े कई नियम भी बदल जाएंगे.

Toll Gate Booth 2

टोल मैनेजर मुकेश कुमार के अनुसार MLFF यानी मल्टी लेन फ्री फ्लो एक बैरियर-फ्री टोल सिस्टम है. इसमें किसी तरह का गेट या बैरियर नहीं होगा. सड़क के ऊपर लगी गैंट्री पर कैमरे और सेंसर वाहन की नंबर प्लेट पढ़ेंगे और फास्टैग स्कैन कर टोल राशि अपने आप काट ली जाएगी.

हरियाणा का पहला टोल

इस सिस्टम में एडवांस ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) टेक्नोलॉजी, RFID रीडर, LiDAR सेंसर और एक्सल डिटेक्टर जैसे उपकरण लगाए गए हैं. ये सभी वाहन की पहचान, उसकी श्रेणी और मूवमेंट को ट्रैक करेंगे. ट्रायल के दौरान 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गुजरने वाले वाहनों को भी सफलतापूर्वक ट्रैक किया गया है. अगर किसी वाहन में फास्टैग नहीं होगा तो कैमरे नंबर प्लेट के आधार पर वाहन की पहचान करेंगे और वाहन मालिक को ई- नोटिस भेजा जाएगा.

फास्टैग में बैलेंस न होने पर भी ई- नोटिस जारी होगा और 72 घंटे के भीतर भुगतान करना होगा. समय पर भुगतान नहीं करने पर टोल राशि दोगुनी हो सकती है और अतिरिक्त जुर्माना भी लगाया जा सकता है. पूरी व्यवस्था में नकद भुगतान का विकल्प नहीं होगा.

देखें लिस्ट

वाहन प्रकार सिंगल ट्रिप डबल ट्रिप मंथली पास
कार, जिप (LMV) 190 290 6395
लाइट कॉमर्शियल व्हीकल (LCW) 310 465 10330
बस, ट्रक (HMV) 650 975 21640

डिजिटल रिकॉर्ड तैयार

सिस्टम में टोल चोरी रोकने के लिए हर वाहन का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होगा. नंबर प्लेट से छेड़छाड़ या बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने पर सिस्टम अलर्ट भेजेगा और आरटीओ के माध्यम से चालान की कार्रवाई होगी. लंबे समय तक भुगतान न करने पर फास्टैग ब्लैकलिस्ट भी किया जा सकता है. स्थानीय लोगों के लिए 20 किलोमीटर के दायरे में 350 रुपये का मासिक पास प्रस्तावित है, जो पूरे महीने के लिए अनलिमिटेड ट्रिप की सुविधा देगा. हालांकि, यह सुविधा केवल निजी वाहनों के लिए होगी. एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और सरकारी अधिकृत वाहनों को टोल में छूट दी जाएगी.

इस नई व्यवस्था का असर टोल कर्मचारियों पर भी पड़ेगा. एक टोल प्लाजा पर काम करने वाले करीब 200 से 250 कर्मचारियों की भूमिका प्रभावित हो सकती है, क्योंकि बूथ सिस्टम लगभग खत्म हो जाएगा. अब मुख्य रूप से सुरक्षा कर्मी, तकनीकी स्टाफ और प्रबंधन से जुड़े कर्मचारी ही तैनात रहेंगे.

Avatar of Sanjucta Pandit
Sanjucta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर कंटेंट एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.