चंडीगढ़ में हाई अलर्ट, कमांडो टीम का मार्केटों में पैदल मार्च और सघन चेकिंग

चंडीगढ़ | शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से चंडीगढ़ पुलिस के ऑपरेशन सेल ने सोमवार को विशेष पेट्रोलिंग और चेकिंग अभियान चलाया. ऑपरेशन सेल के इंस्पेक्टर जसपाल सिंह की अगुवाई में कमांडो टीम ने शहर की प्रमुख मार्केटों में पैदल मार्च कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया और लोगों को सतर्क रहने का संदेश दिया. अभियान के तहत, सेक्टर- 11, सेक्टर- 9 और सेक्टर- 22 मार्केट में सघन चेकिंग की गई. पुलिस टीम ने बाजारों में आने- जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की. सार्वजनिक स्थानों पर खड़ी लावारिस गाड़ियों और संदिग्ध वस्तुओं की भी तलाशी ली गई.

Delhi Police

ऑपरेशन सेल की टीम ने सेक्टर- 11 मार्केट में निगरानी रखते हुए लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी. वहीं, सेक्टर- 9 मार्केट में एंट्री और एग्जिट प्वाइंट्स पर चेकिंग बढ़ाई गई. सेक्टर- 22 की व्यस्त मार्केट में कमांडो टीम ने पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और दुकानदारों से बातचीत भी की.

व्यापारियों से सुनीं समस्याएं

अभियान के दौरान इंस्पेक्टर जसपाल सिंह ने मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधियों और व्यापारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं. उन्होंने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि चंडीगढ़ पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी असामाजिक तत्व को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि व्यापारी बिना किसी भय के अपना कारोबार करें. पुलिस और ऑपरेशन सेल की टीमें चौबीसों घंटे शहर में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात हैं. किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़े -  हरियाणा में TechSkills@Schools कार्यक्रम शुरू, सरकारी स्कूलों में तकनीकी शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा

नागरिकों से भी सहयोग की अपील

पुलिस ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की. अधिकारियों ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को बाजार या आसपास किसी प्रकार का संदिग्ध बैग, लावारिस वस्तु, संदिग्ध वाहन या कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देता है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम या नजदीकी पुलिस अधिकारी को दी जाए. लोगों की सतर्कता भी सुरक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है. हाल के दिनों में सामने आई कुछ आपराधिक घटनाओं के बाद पुलिस द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान से व्यापारियों और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है.

पुलिस की सक्रियता की सराहना

बाजारों में मौजूद लोगों ने पुलिस की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाए जाने चाहिए, ताकि असामाजिक तत्वों पर लगातार नजर रखी जा सके और बाजारों का माहौल सुरक्षित बना रहे. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में इसी तरह के विशेष अभियान जारी रहेंगे जिससे कानून व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा सके.

Avatar of Sanjucta Pandit
Sanjucta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर कंटेंट एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.