महेंद्रगढ़ किले का होगा कायाकल्प, डीसी ने दिए निर्देश; पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

महेंद्रगढ़ | हरियाणा के महेंद्रगढ़ में ऐतिहासिक किले के जीर्णोद्धार का कार्य जल्द ही नए चरण में शुरू होने जा रहा है. बता दें कि इस परियोजना का निरीक्षण करने पहुंचीं डीसी अनुपमा अंजली ने अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि महेंद्रगढ़ जिले में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और सरकार ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के साथ- साथ पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. डीसी ने बताया कि किले के जीर्णोद्धार का कार्य चार चरणों में पूरा किया जाएगा.

Mahendragarh Fort

पहले चरण में किले के मुख्य द्वार और चारदीवारी का जीर्णोद्धार किया जाएगा. इस कार्य पर करीब 8.5 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे और इसे 18 महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्य के दौरान गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए.

महेंद्रगढ़ किले का होगा कायाकल्प

निरीक्षण के दौरान डीसी अनुपमा अंजली ने महेंद्रगढ़ किले को जिले की महत्वपूर्ण ऐतिहासिक धरोहर बताते हुए अधिकारियों को किले के खाली पड़े हिस्से में स्टेज बनाने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि स्टेज बनने के बाद यहां सांस्कृतिक कार्यक्रम, मेले और अन्य आयोजन कराए जा सकेंगे. इससे स्थानीय पर्यटन को नई पहचान मिलेगी और अधिक संख्या में पर्यटक यहां पहुंचेंगे. डीसी ने किले के आसपास फैली गंदगी पर नाराजगी जताई.

उन्होंने चारदीवारी के पास जमा कचरे को तुरंत हटाने के निर्देश दिए. साथ ही, आसपास कचरा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा. उन्होंने हरियाणा राज्य सड़क एवं पुल विकास निगम (HSRDC) के अधिकारियों को मरम्मत कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने और सभी कार्य तय मानकों के अनुसार कराने के निर्देश भी दिए.

यह भी पढ़े -  हरियाणा को 23 अगस्त को मिलेगी सौगात, CM सैनी करेंगे नए रेल यार्ड का उद्घाटन

डीसी ने दिए निर्देश

एचएसआरडीसी के डीजीएम आदित्य देशवाल ने बताया कि किले की मरम्मत के दौरान दीवारों पर प्लास्टर के लिए केवल चूने का प्रयोग किया जा रहा है. डीसी ने कहा कि महेंद्रगढ़ का किला, माधोगढ़ किला, जल महल और छत्ता राय बालमुकुंद दास जैसी ऐतिहासिक धरोहरें जिले की पहचान हैं. नेशनल और स्टेट हाईवे से बेहतर कनेक्टिविटी होने के कारण यहां पर्यटन की संभावनाएं पहले से अधिक बढ़ गई हैं. किले के निरीक्षण के बाद डीसी ने शहर के सार्वजनिक शौचालयों का भी जायजा लिया.

उन्होंने वहां मौजूद महिलाओं से सफाई व्यवस्था को लेकर बातचीत की और नगर पालिका सचिव को नियमित साफ- सफाई करने के निर्देश दिए. इस दौरान महेंद्रगढ़ के एसडीएम योगेश सैनी, नगर पालिका सचिव प्रशांत परासर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.