पैरोल खत्म होने से पहले राम रहीम ने किया पुराने डेरे का उद्घाटन, फिर लौटा सुनारिया जेल

सिरसा | हरियाणा के सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह ने अपनी पैरोल अवधि समाप्त होने से एक दिन पहले पुराने डेरे के नवीनीकरण कार्य का उद्घाटन किया. इस कार्यक्रम में कई बदलाव और नए निर्माण लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे. समारोह के बाद शुक्रवार शाम राम रहीम रोहतक की सुनारिया जेल लौट गया. उद्घाटन समारोह की सबसे चर्चित बात यह रही कि राम रहीम की करीबी शिष्या और मुंहबोली बेटी हनीप्रीत इंसा कार्यक्रम में सबसे आगे नजर आईं.

Dera Saccha Sauda

हनीप्रीत लंबे समय बाद सार्वजनिक रूप से राम रहीम के साथ दिखाई दीं. दूसरी खास बात यह रही कि पैरोल पर आने के बाद राम रहीम पहली बार किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में नजर आया. इससे पहले वह हर बार डेरे के भीतर ही रहा या वीडियो संदेशों के जरिए अनुयायियों को संबोधित करता रहा था.

पुराने डेरे का उद्घाटन

पुराने डेरे के नवीनीकरण का काम भी इस बार खास चर्चा में रहा. बताया जा रहा है कि राम रहीम ने पैरोल के दौरान खुद इसकी निगरानी की. डेरे के प्रवेश द्वारों को नया और भव्य स्वरूप दिया गया है. यहां तीन विशाल गेट बनाए गए हैं, जिनके आसपास हाथियों की आकर्षक प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं. इसके अलावा साध-संगत के ठहरने के लिए होटल और एक नई कैंटीन का भी निर्माण कराया गया है. हालांकि परिसर में अभी भी कुछ निर्माण कार्य जारी है, लेकिन डेरे को श्रद्धालुओं की सेवा के लिए खोल दिया गया है.

फिर लौटा सुनारिया जेल

डेरा सच्चा सौदा का यह पुराना परिसर शाह मस्ताना के समय में बनाया गया था. बाद में शाह सतनाम भी लंबे समय तक इसी डेरे से जुड़े रहे. राम रहीम के गद्दीनशीन बनने के बाद नया डेरा विकसित किया गया, लेकिन उनके जेल जाने के बाद पुराना डेरा फिर से अनुयायियों का प्रमुख केंद्र बन गया. पिछले कुछ महीनों से पुराने डेरे के नवीनीकरण का कार्य लगातार चल रहा था. जनवरी 2026 में पैरोल के दौरान भी इस परियोजना की शुरुआत कराई गई थी, जबकि 26 मई 2026 को पैरोल मिलने के बाद नवीनीकरण कार्य को तेज किया गया. अब प्रवेश द्वारों सहित कई हिस्सों को आधुनिक और भव्य रूप दिया गया है.

साध्वियों के यौन उत्पीड़न के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे राम रहीम वर्ष 2017 में दोषी ठहराए जाने के बाद अब तक 16 बार पैरोल या फरलो पर जेल से बाहर आ चुका है. साल 2026 में यह उसकी दूसरी पैरोल थी. इससे पहले जनवरी में उसे 40 दिन की पैरोल मिली थी. अब पैरोल समाप्त होने के बाद वह दोबारा सुनारिया जेल लौट गया.

Avatar of Sanjucta Pandit
Sanjucta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर कंटेंट एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.