चंडीगढ़ | हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) की कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) ग्रुप- डी भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की आज यानी 3 जुलाई आखिरी तारीख है. इच्छुक अभ्यर्थी रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकते हैं. आयोग ने स्पष्ट किया है कि केवल ऑनलाइन आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को ही CET ग्रुप-डी परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा.

सीईटी ग्रुप- डी के लिए आवेदन प्रक्रिया 19 जून से शुरू हुई थी. आवेदन की अंतिम तिथि नजदीक आने के साथ ही बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पोर्टल पर आवेदन कर रहे हैं. आयोग ने उम्मीदवारों से अंतिम समय तक इंतजार न करने और समय रहते आवेदन पूरा करने की अपील की है.
HSSC CET के लिए आज आखिरी मौका
HSSC के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए बताया कि अब तक कुल 11 लाख 21 हजार 889 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है. इनमें से 8 लाख 77 हजार 784 उम्मीदवार अपने आवेदन फॉर्म को फाइनल सबमिट भी कर चुके हैं. उन्होंने अभ्यर्थियों को सलाह दी कि वे अपना फॉर्म स्वयं भरें और फाइनल सबमिट करने से पहले सभी जानकारियों की अच्छी तरह जांच जरूर कर लें ताकि बाद में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
1. CET GROUP D के लिए अबतक 1121889 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन किया है जिसमें से 877784 अभ्यर्थियों ने फाइनल सबमिट भी कर दिया है।
2. अभ्यर्थी अपने फॉर्म को स्वयं भरें, फॉर्म भरने के बाद अच्छे से जांच करके ही फाइनल सबमिट करें।
3. अपवाहों पर ध्यान न दे, आधिकारिक सूचना पर ही… pic.twitter.com/BIMQPbvy9n
— Himmat Singh (@advhimmatsingh) July 2, 2026
आयोग के अनुसार, आवेदन शुल्क जमा कराने की अंतिम तिथि 6 जुलाई निर्धारित की गई है. यदि किसी अभ्यर्थी से आवेदन फॉर्म भरते समय कोई त्रुटि हो जाती है तो उसे सुधारने का मौका भी दिया जाएगा. इसके लिए 7 जुलाई से 9 जुलाई तक करेक्शन विंडो खुली रहेगी, जिसमें उम्मीदवार अपने आवेदन में जरूरी संशोधन कर सकेंगे.
उम्मीदवारों ने कराया रजिस्ट्रेशन
केवल निर्धारित अवधि के भीतर ऑनलाइन आवेदन पूरा करने वाले अभ्यर्थी ही CET ग्रुप- डी परीक्षा में बैठ सकेंगे. इसलिए जिन उम्मीदवारों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है वे अंतिम समय की तकनीकी दिक्कतों से बचने के लिए जल्द से जल्द अपना आवेदन पूरा कर लें. आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद परीक्षा से संबंधित अगली जानकारी निर्धारित समय पर आधिकारिक माध्यमों से जारी की जाएगी.