जींद | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई के प्रस्तावित जींद दौरे को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. रविवार शाम मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जींद पहुंचकर रैली स्थल और कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया. उन्होंने एकलव्य स्टेडियम के सामने हुडा ग्राउंड में बन रहे रैली स्थल का दौरा कर मुख्य पंडाल, सेक्टर व्यवस्था, पार्किंग, मीडिया लाउंज और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की. अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की कमी न रहे और सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं.

CM ने कहा कि प्रधानमंत्री जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे. जींद से सोनीपत के बीच चलने वाली यह ट्रेन पूरे देश के लिए ग्रीन एनर्जी की दिशा में बड़ी उपलब्धि होगी. प्रधानमंत्री प्रदेश की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे.
दूसरी बार पहुंचे CM
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के रेस्ट हाउस में मंत्रियों, भाजपा नेताओं और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक में यातायात व्यवस्था, पार्किंग, सीएनजी बसों और इलेक्ट्रिक वाहनों की उपलब्धता सहित लोगों के आवागमन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई. प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर भाजपा और सरकार लगातार तैयारियों में जुटी हुई है. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार जींद पहुंचे हैं.
इससे पहले भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने शनिवार को रैली स्थल का निरीक्षण किया था. वहीं, रविवार को भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ भी जींद पहुंचे. उन्होंने कहा कि हाइड्रोजन ट्रेन देश की ग्रीन एनर्जी यात्रा को नई दिशा देगी और यह हरियाणा के लिए गर्व का विषय है.
ट्रेन का शेड्यूल
प्रधानमंत्री जिस हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ करेंगे, उसका प्रारंभिक शेड्यूल भी तैयार कर लिया गया है. ट्रेन सुबह 7:40 बजे जींद से रवाना होकर 9:40 बजे सोनीपत पहुंचेगी. वापसी में यह सुबह 10:40 बजे सोनीपत से जींद के लिए चलेगी. हालांकि ट्रेन के किराये की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है. भाजपा ने प्रधानमंत्री की जनसभा का नाम ‘विकसित हरियाणा, विकसित भारत’ रखा है. रैली में रेल मंत्री समेत कई केंद्रीय मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है. कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए भाजपा और प्रदेश सरकार व्यापक स्तर पर तैयारियां कर रही हैं.
10 हजार कुर्सियां
रैली स्थल पर करीब 10 हजार कुर्सियां लगाई जाएंगी. मुख्य मंच 96 फीट लंबा और 36 फीट चौड़ा बनाया जा रहा है. VVIP और VIP मेहमानों के लिए अलग मंच और बैठने की विशेष व्यवस्था की जाएगी. बारिश की संभावना को देखते हुए पूरा पंडाल वॉटरप्रूफ बनाया जा रहा है. वहीं, प्रधानमंत्री के संभावित रूट को ध्यान में रखते हुए रैली स्थल से एसपी कोठी तक सड़क का भी निर्माण कार्य तेज़ी से कराया जा रहा है.