जींद | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई के प्रस्तावित जींद दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा से लेकर यातायात तक की तैयारियां तेज कर दी हैं. प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचेंगे. इसके बाद, सड़क मार्ग से जींद रेलवे जंक्शन जाकर देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे. इस हाई- प्रोफाइल कार्यक्रम के लिए प्रदेशभर से बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जा रही है. सुरक्षा व्यवस्था के तहत दूसरे जिलों से करीब 5 हजार पुलिस अधिकारी और कर्मचारी जींद पहुंचेंगे. इनमें 15 आईपीएस अधिकारी, 50 डीएसपी, 200 इंस्पेक्टर और 500 सब-इंस्पेक्टर शामिल होंगे.

लगभग 600 महिला पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई जाएगी. सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दूसरे जिलों से 100 पुलिस वाहन भी मंगवाए जा रहे हैं. रूट पर हर 10 मीटर की दूरी पर एक पुलिसकर्मी तैनात रहेगा जबकि पूरे शहर में 80 स्थानों पर नाके लगाए जाएंगे.
जींद दौरा
रैली में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक यातायात और पार्किंग व्यवस्था भी की है. लोगों को इलेक्ट्रिक बसों, ई-रिक्शा और सीएनजी वाहनों से आने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि कार्यक्रम पूरी तरह इको फ्रेंडली बनाया जा सके. रैली स्थल हुडा ग्राउंड के पास सेक्टर-9 और आसपास के क्षेत्रों में पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है. कार्यक्रम को लेकर शहर को भी नया रूप दिया जा रहा है. लंबे समय से खराब पड़ी सड़कों की मरम्मत की जा रही है. डिवाइडरों पर पेंट किया जा रहा है और सभी प्रमुख मार्गों की स्ट्रीट लाइटें दुरुस्त की जा रही हैं, जिससे प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो.
रैली के दिन प्रदेश के विभिन्न डिपो से करीब 125 इलेक्ट्रिक बसें जींद पहुंच सकती हैं. इन बसों के संचालन को ध्यान में रखते हुए वर्कशॉप परिसर में 8 अस्थायी चार्जिंग प्वाइंट बनाए जा रहे हैं. साथ ही, बिजली आपूर्ति तय करने के लिए 2 अस्थायी ट्रांसफार्मर भी लगाए जाएंगे.
देसी घी के लड्डू
प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा की ओर से 51 क्विंटल देसी घी के लड्डू तैयार कराए जा रहे हैं. रैली स्थल के पास स्थित एकलव्य स्टेडियम में चार हलवाइयों सहित करीब 50 लोगों की टीम सोमवार से लड्डू बनाने में जुटी हुई है. डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने स्वयं भी लड्डू बनाने की प्रक्रिया में हिस्सा लिया. रैली में शामिल होने वाली महिलाओं के स्वागत के लिए विशेष तैयारी की गई है. डिप्टी स्पीकर की ओर से रोहतक से 5 हजार भगवा चुनरियां मंगवाई गई हैं, जिन्हें महिला प्रतिभागियों को वितरित किया जाएगा. महिलाओं के बैठने के लिए अलग से गैलरी भी बनाई गई है, जिसे भगवा रंग की थीम के अनुसार सजाया जा रहा है.
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री के जींद दौरे को हरियाणा के लिए गौरव का अवसर बताया है. उन्होंने कहा कि 17 जुलाई को हरियाणा की धरती से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ होगा, जो प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि साबित होगी.