करनाल | नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) की ओर से देशभर में टोल दरों में संशोधन का असर अब करनाल के बसताड़ा टोल प्लाजा पर भी दिखाई देने लगा है. मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात से नए टोल रेट लागू कर दिए गए हैं. संशोधित दरों के बाद कार, जीप, बस, ट्रक और अन्य व्यावसायिक वाहनों को पहले की तुलना में अधिक टोल टैक्स चुकाना होगा. बढ़ोतरी अलग- अलग श्रेणियों में 5 से 30 रुपए तक की गई है.

बसताड़ा टोल प्लाजा के ऑपरेशन मैनेजर प्रदीप मलिक ने बताया कि एनएचएआई के निर्देशानुसार देशभर के टोल प्लाजा पर नई दरें लागू की गई हैं. इसी क्रम में बसताड़ा टोल प्लाजा पर भी संशोधित शुल्क प्रभावी हो गया है. उन्होंने कहा कि नए रेट लागू होने के बाद सभी श्रेणी के वाहनों से निर्धारित नई दरों के अनुसार टोल वसूला जाएगा.
व्यावसायिक वाहनों के नए शुल्क
नई दरों के अनुसार कार और जीप चालकों को सिंगल जर्नी के लिए 200 रुपए और 24 घंटे के भीतर वापसी करने पर डबल जर्नी के लिए 295 रुपए देने होंगे. वहीं एलसीवी और एलजीवी श्रेणी के वाहनों के लिए सिंगल जर्नी का शुल्क 320 रुपए और डबल जर्नी का शुल्क 480 रुपए निर्धारित किया गया है. बस और ट्रक चालकों को अब सिंगल जर्नी के लिए 670 रुपए तथा डबल जर्नी के लिए 1005 रुपए का भुगतान करना होगा. वहीं, थ्री एक्सल वाहनों के लिए सिंगल जर्नी का शुल्क 730 रुपए और डबल जर्नी का शुल्क 1095 रुपए तय किया गया है.
4 से 6 एक्सल वाले एचसीएम वाहनों के लिए सिंगल जर्नी 1050 रुपए और डबल जर्नी 1575 रुपए निर्धारित की गई है. जबकि सात या उससे अधिक एक्सल वाले भारी वाहनों को सिंगल जर्नी के लिए 1275 रुपए और डबल जर्नी के लिए 1915 रुपए चुकाने होंगे.
वापसी पर मिलेगा लाभ
डबल जर्नी का लाभ केवल उन्हीं वाहन चालकों को मिलेगा, जो 24 घंटे के भीतर वापसी करेंगे. नए टोल रेट लागू होने के बाद नियमित रूप से इस मार्ग का उपयोग करने वाले वाहन चालकों और परिवहन कारोबार से जुड़े लोगों पर इसका सीधा असर पड़ेगा.