झज्जर | दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के बीच सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए जाने का असर झज्जर जिले के बहादुरगढ़ पर भी देखने को मिला. दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने सुरक्षा कारणों से दिल्ली के 16 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट बंद कर दिए. इसका सीधा असर बहादुरगढ़ से रोजाना दिल्ली आने- जाने वाले हजारों यात्रियों पर पड़ा. सुबह से ही लोग मेट्रो स्टेशनों पर भटकते नजर आए और उन्हें वैकल्पिक साधनों से सफर करना पड़ा. बहादुरगढ़ की ग्रीन लाइन से प्रतिदिन करीब 50 हजार से अधिक यात्री नौकरी, कारोबार, पढ़ाई और अन्य कामों के लिए दिल्ली आते- जाते हैं.

मेट्रो सेवा प्रभावित होने के कारण यात्रियों को दिल्ली बॉर्डर तक पहुंचने के लिए ऑटो, ई-रिक्शा और बसों का सहारा लेना पड़ा. अचानक यात्रियों की संख्या बढ़ने से सड़क मार्ग पर भी भीड़ और ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया.
सामान्य से अधिक किराया
सुबह सिटी पार्क, बस स्टैंड और अन्य मेट्रो स्टेशनों से दिल्ली के लिए निकले कई यात्रियों को रास्ते में ही स्टेशनों के बंद होने की जानकारी मिली. इसके बाद बड़ी संख्या में लोग सड़क मार्ग की ओर मुड़ गए. बढ़ती मांग का फायदा उठाते हुए कई ऑटो और ई-रिक्शा चालकों ने दिल्ली बॉर्डर तक पहुंचाने के लिए सामान्य से अधिक किराया भी वसूला. इससे यात्रियों को अतिरिक्त खर्च और समय दोनों का सामना करना पड़ा. रोजाना मेट्रो से दिल्ली जाने वाली महिला कर्मचारियों और छात्रों को भी काफी दिक्कत हुई.
यात्रियों का कहना था कि यदि उन्हें पहले से मेट्रो स्टेशनों के बंद होने की जानकारी मिल जाती तो वे घर से निकलने से पहले ही वैकल्पिक यात्रा की व्यवस्था कर लेते. कई लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक समय लगा.
ताजा अपडेट जांचने की सलाह
डीएमआरसी के प्रवक्ता ने बताया कि कानून- व्यवस्था बनाए रखने और यात्रियों के साथ- साथ मेट्रो संपत्ति की सुरक्षा के लिए यह फैसला लिया गया है. स्थिति सामान्य होने के बाद बंद किए गए स्टेशनों को दोबारा खोलने की सूचना जारी की जाएगी. तब तक यात्रियों को यात्रा से पहले मेट्रो की ताजा अपडेट जांचने की सलाह दी गई है. मेट्रो सेवा प्रभावित होने से बहादुरगढ़ के उन हजारों लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हुई, जो रोजाना दिल्ली पर निर्भर हैं. मेट्रो बंद होने के कारण उन्हें सड़क मार्ग का सहारा लेना पड़ा, जिससे उनका सफर लंबा, महंगा और अधिक परेशानी भरा साबित हुआ.