यमुनानगर में नशे के खिलाफ दौड़े हजारों युवा, CM नायब सैनी ने विजेताओं को दिए 1 लाख

यमुनानगर | हरियाणा में नशे के खिलाफ जनजागरूकता अभियान के तहत रविवार को यमुनानगर के जगाधरी में आयोजित 10 किलोमीटर रन में हजारों युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया. प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में मोहित और महिला वर्ग में भारती विजेता रहे. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दोनों विजेताओं को मंच पर सम्मानित करते हुए 1- 1 लाख रुपए का पुरस्कार प्रदान किया. रेस में 75 वर्षीय त्रिलोकी नाथ की भागीदारी भी आकर्षण का केंद्र रही. सुबह 5 बजे से ही मटका चौक पर प्रतिभागियों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी. इस आयोजन के लिए 1 लाख 13 हजार युवाओं ने पंजीकरण कराया था, जिनमें करीब 38 हजार महिलाएं शामिल थीं.

Nasha Mukti Abhiyan

कार्यक्रम की शुरुआत प्रतिभागियों को ऊर्जावान बनाने के लिए जुम्बा से हुई. इसके बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने करीब पौने सात बजे हरी झंडी दिखाकर रेस को रवाना किया. इस दौरान मुख्यमंत्री लोवर, टी- शर्ट और स्पोर्ट्स शूज में नजर आए और कुछ दूरी तक युवाओं के साथ स्वयं भी दौड़े.

दिया गया पुरुस्कार

कार्यक्रम में पैरालिंपियन नवदीप सिंह और बॉक्सर नीरज गोयत भी मौजूद रहे. मुख्यमंत्री ने शुरुआत में गुब्बारे उड़ाकर अभियान का शुभारंभ किया. बाद में उन्होंने सुरक्षा कर्मियों और प्रतिभागियों के साथ दौड़ लगाई और फिर खुले वाहन से पूरे आयोजन का जायजा लिया. कुछ दूरी बाद वे दोबारा वाहन से उतरकर युवाओं के साथ दौड़ते दिखाई दिए. प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाले महिला और पुरुष विजेताओं को 1 लाख रुपए, दूसरे स्थान पर रहने वालों को 75 हजार रुपए और तीसरे स्थान पर रहने वालों को 51 हजार रुपए का पुरस्कार दिया गया. चौथे से दसवें स्थान तक रहने वाले प्रतिभागियों को 5100 रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी.

युवाओं के लिए प्रस्तुति

कार्यक्रम में हरियाणवी कलाकार एमडी देसी रॉकस्टार और सत्ती सतविंद्र ने भी भाग लिया. सत्ती सतविंद्र ने मंच से युवाओं के लिए विशेष प्रस्तुति दी. आयोजन को लेकर प्रशासन ने पूरे रेस रूट का सौंदर्यीकरण कराया. सड़कों की मरम्मत, सफाई, पौधारोपण, स्ट्रीट लाइट, पेयजल, मोबाइल शौचालय, मेडिकल टीम, एंबुलेंस और प्राथमिक उपचार जैसी सभी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की गई थीं. जिला प्रशासन ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.