महेंद्रगढ़ | सावन महीना, कांवड़ यात्रा और त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने रेल यात्रियों को बड़ी राहत दी है. रेलवे प्रशासन ने अगस्त माह में महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल, महेंद्रगढ़, अटेली, निजामपुर, बाछौद और अमरपुर जोरासी स्टेशनों से गुजरने वाली कई प्रमुख ट्रेनों में अतिरिक्त डिब्बे लगाने का फैसला किया है. इससे यात्रियों को सीट मिलने में आसानी होगी और भीड़भाड़ की समस्या कम होगी.

रेलवे अधिकारियों के अनुसार सावन, कांवड़ यात्रा और रक्षाबंधन जैसे पर्वों के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है. इसी को ध्यान में रखते हुए विभिन्न रेल सेवाओं में अस्थायी रूप से अतिरिक्त कोच जोड़े जा रहे हैं.
देखें लिस्ट
महेंद्रगढ़ स्टेशन पर ठहरने वाली दिल्ली सराय- सीकर- दिल्ली सराय एक्सप्रेस (14713/14714) में 5 अगस्त से 4 सितंबर तक एक थर्ड एसी, एक स्लीपर और एक सामान्य श्रेणी का अतिरिक्त डिब्बा लगाया जाएगा. इससे दिल्ली, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़ और सीकर के बीच सफर करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी. मदार- रेवाड़ी- मदार (19617/19618), रेवाड़ी- फुलेरा -रेवाड़ी (19619/19620 और 19621/19622) तथा जयपुर-रेवाड़ी-जयपुर (09635/09636) रेल सेवाओं में 1 अगस्त से 31 अगस्त तक 5- 5 अतिरिक्त सामान्य श्रेणी के डिब्बे लगाए जाएंगे. इन ट्रेनों का लाभ नारनौल, अटेली, निजामपुर, बाछौद और अमरपुर जोरासी स्टेशन के यात्रियों को मिलेगा.
यात्रियों को लाभ
रेलवे ने भिवानी- कालका- भिवानी (14795/14796) रेल सेवा में 1 अगस्त से 31 अगस्त तक तीन अतिरिक्त सामान्य श्रेणी के कोच लगाने का निर्णय लिया है. भिवानी-ढेहर का बालाजी (जयपुर)- भिवानी (14705/14706) रेल सेवा में 2 अगस्त से 1 सितंबर तक तीन अतिरिक्त सामान्य श्रेणी के डिब्बे जोड़े जाएंगे. रेलवे ने 49 जोड़ी ट्रेनों की कोच क्षमता भी बढ़ाई है. अतिरिक्त डिब्बे लगाए जाने से यात्रियों को खड़े होकर यात्रा करने की परेशानी कम होगी और त्योहारों व धार्मिक आयोजनों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ का बेहतर प्रबंधन किया जा सकेगा. इससे महेंद्रगढ़ जिले सहित दक्षिण हरियाणा के हजारों यात्रियों को लाभ मिलने की उम्मीद है.