नई दिल्ली | राजधानी के दक्षिणपुरी एक्सटेंशन स्थित DDA फ्लैट्स ब्लॉक- 20 में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है. करीब 600 परिवारों की आबादी पिछले कई महीनों से पानी की भारी किल्लत झेल रही है. रोजाना केवल 10 मिनट पानी की आपूर्ति होती है, जिससे घरेलू जरूरतें भी पूरी नहीं हो पा रहीं. निवासियों के अनुसार, पहले यह समस्या कभी- कभार होती थी लेकिन अब रोजाना यही स्थिति बनी हुई है. जल बोर्ड से कई बार शिकायत करने के बावजूद हालात में कोई सुधार नहीं आया. सुबह मिलने वाले सीमित समय के पानी से टंकियां भी पूरी तरह नहीं भर पातीं.

इतनी कम अवधि की जलापूर्ति से चार सदस्यों वाले परिवार की दैनिक जरूरतें भी पूरी नहीं हो पातीं. मजबूरी में कई लोगों को दूर- दराज के इलाकों से पानी लाना पड़ता है या फिर बोतलबंद पानी खरीदकर काम चलाना पड़ रहा है. इससे लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा है.
DDA फ्लैट्स में पेयजल संकट
इलाके में कम- से- कम 30 मिनट तक नियमित पानी की आपूर्ति की जाए. इस संबंध में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारियों को कई बार ज्ञापन भी दिए जा चुके हैं. आरडब्ल्यूए चेयरमैन राजेश सिंह ने बताया कि जलापूर्ति की समस्या काफी समय से बनी हुई है. जल बोर्ड ने पहले पुरानी पाइपलाइन को इसकी वजह बताया था और करीब छह महीने पहले पाइपलाइन भी बदल दी गई, लेकिन फिर भी पानी की आपूर्ति में कोई सुधार नहीं हुआ.
हालात में कोई सुधार
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि रोजाना सिर्फ 10 मिनट पानी मिलने से लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है. वहीं, सचिव एमजी कृष्णनन ने कहा कि राजधानी में रहने के बावजूद लोग अपनी सबसे जरूरी जरूरत, पेयजल, के लिए संघर्ष कर रहे हैं. उन्होंने प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान निकालने की मांग की है.