लाल किले पर पहली बार गूंजेंगे ‘वंदे मातरम्’ के सभी 6 छंद, जानिए क्या है खास तैयारी

नई दिल्ली | देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को इस बार नई पहचान देने की तैयारी की गई है. ऐतिहासिक लाल किले पर आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम की थीम ‘वंदे मातरम्’ रखी गई है. पूरे परिसर को इसी थीम के अनुरूप सजाया जा रहा है. पहली बार समारोह के दौरान राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सभी छह छंद गाए जाएंगे जिससे पूरे आयोजन में देशभक्ति का विशेष माहौल देखने को मिलेगा.

Red Fort

लाल किले के मुख्य प्रवेश द्वार पर बड़े अक्षरों में ‘वंदे मातरम्’ अंकित किया जा रहा है. दर्शक दीर्घा को भी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक स्वरूप दिया गया है. विभिन्न बैठने वाले सेक्टरों के नाम गंगा, यमुना, गोदावरी, कावेरी सहित देश की प्रमुख नदियों के नाम पर रखे गए हैं.

लाल किले पर गूंजेंगे ‘वंदे मातरम्’

इस वर्ष देश ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ भी मना रहा है. इसी क्रम में स्वतंत्रता दिवस समारोह में राष्ट्रगीत को विशेष स्थान दिया गया है. कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत से होगी, जिसके बाद आगे की औपचारिकताएं संपन्न होंगी. इस बार दर्शकों की सुविधा के लिए लाल किले में पहली बार कर्तव्य पथ की तर्ज पर फोल्डिंग हाइड्रोलिक कुर्सियां लगाई जा रही हैं. इन्हें आसानी से स्थापित और हटाया जा सकता है. इससे बैठने की व्यवस्था अधिक व्यवस्थित और आरामदायक होगी.

मानसून को देखते हुए जलभराव रोकने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं. लाल किला परिसर और आसपास के क्षेत्रों में उच्च क्षमता वाले पंप लगाए गए हैं. संबंधित एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है ताकि बारिश की स्थिति में तुरंत पानी निकाला जा सके और कार्यक्रम प्रभावित न हो.

यह भी पढ़े -  दिल्ली में EWS परिवारों को मिलेगा पक्का घर, 2700 फ्लैटों के आवंटन की तैयारी शुरू

सुरक्षा के कड़े प्रबंध

स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर दिल्ली पुलिस, अर्धसैनिक बल और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह मुस्तैद हैं. लाल किला और आसपास के इलाके को सुरक्षा घेरे में लिया गया है. नेताजी सुभाष मार्ग के डिवाइडर पर लोहे की मजबूत रेलिंग लगाई जा रही है, ताकि अनधिकृत आवाजाही रोकी जा सके और वीवीआईपी मूवमेंट सुरक्षित रहे. पूरे परिसर में बड़ी संख्या में हाई- डेफिनिशन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. आसमान से निगरानी के लिए एंटी-ड्रोन सिस्टम भी सक्रिय किया गया है. साथ ही, लाल किले में रंग-रोगन और सजावट का काम अंतिम चरण में है.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.