चंडीगढ़ | हरियाणा के सरकारी दफ्तरों में रिश्वत लिए बिना काम नहीं करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर अब राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) सख्त कार्रवाई की तैयारी में है. ब्यूरो ने ऐसे 190 अधिकारियों और कर्मचारियों की सूची तैयार कर सभी जिला इकाइयों को भेज दी है. संबंधित अधिकारियों को इनके खिलाफ कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं. एसीबी प्रमुख अरशिंदर सिंह चावला ने बताया कि सूची में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों पर जल्द कार्रवाई की जाएगी.

यह सूची करीब 6 महीने तक चली गोपनीय निगरानी, शिकायतों के विश्लेषण और खुफिया जांच के आधार पर तैयार की गई है. पहले चरण में 20 जुलाई को 140 नाम और दूसरे चरण में 5 अगस्त को 50 नाम सूची में जोड़े गए.
राजस्व विभाग सबसे ऊपर
ब्यूरो के अनुसार, इन अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि वे रिश्वत लिए बिना काम नहीं करते. इसके बाद एसीबी की टीमों ने अलग- अलग स्तर पर जांच कर उनकी पहचान की. जांच में सबसे ज्यादा शिकायतें राजस्व विभाग से सामने आई हैं. इस विभाग के करीब 37 अधिकारी और कर्मचारी सूची में शामिल किए गए हैं. दूसरे स्थान पर पुलिस विभाग है, जहां 22 अधिकारी और कर्मचारी चिह्नित किए गए हैं. इसके बाद, स्वास्थ्य विभाग का स्थान है, जहां 14 अधिकारियों और कर्मचारियों के नाम सूची में शामिल हैं.
कर्मचारी भी रडार पर
एसीबी की सूची में शहरी स्थानीय निकाय, खाद्य एवं उपभोक्ता मामले विभाग, बिजली विभाग, आबकारी एवं कराधान विभाग, परिवहन विभाग, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP), पंचायती राज, श्रम विभाग, खजाना एवं लेखा, शिक्षा विभाग, वन विभाग, खाद्य निगम, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, सिंचाई विभाग और न्यायिक विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी शामिल हैं. भ्रष्टाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत आगे भी निगरानी जारी रहेगी और शिकायतों के आधार पर सूची को लगातार अपडेट किया जाएगा.