नई दिल्ली | भारत मंडपम में बृहस्पतिवार से 10वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फुटवियर मेला 2026 की शुरुआत हो गई. केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के तहत भारत व्यापार संवर्धन संगठन (ITPO) और कंफेडरेशन ऑफ इंडियन फुटवियर इंडस्ट्री (CIFI) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस तीन दिवसीय बी2बी मेले का उद्घाटन केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने किया. मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए गिरिराज सिंह ने फुटवियर उद्योग में टेक्निकल टेक्सटाइल्स की बढ़ती भूमिका पर जोर दिया.

उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और नवाचार ही इस उद्योग का भविष्य तय करेंगे. केंद्रीय मंत्री ने फुटवियर निर्माताओं से उत्पादन आधारित प्रोत्साहन (PLI) योजना का अधिकतम लाभ उठाकर गुणवत्ता, विनिर्माण क्षमता और वैश्विक प्रतिस्पर्धा बढ़ाने की अपील की.
दिल्ली में फुटवियर इंडस्ट्री
उन्होंने कहा कि उद्योग, तकनीकी साझेदारों और सरकारी एजेंसियों को मिलकर अनुसंधान, डिजाइन उत्कृष्टता, उच्च गुणवत्ता वाले विनिर्माण और वैल्यू एडिशन को बढ़ावा देना चाहिए. साथ ही, गैर- चमड़ा फुटवियर श्रेणी में भारत के लिए बड़े अवसर मौजूद हैं. फुटवियर उद्योग रोजगार सृजन, निर्यात बढ़ाने और भारत को वैश्विक विनिर्माण हब बनाने में अहम भूमिका निभा सकता है. उद्घाटन समारोह के दौरान मेला गाइड का विमोचन भी किया गया.
जुटीं कंपनियां
केंद्रीय मंत्री ने विभिन्न स्टॉलों का दौरा कर मशीनरी, कच्चे माल और आधुनिक विनिर्माण तकनीकों का अवलोकन किया तथा प्रदर्शकों से बातचीत की. यह मेला भारत मंडपम के हॉल नंबर- 5 (ग्राउंड फ्लोर) और हॉल नंबर- 6 में आयोजित किया गया है. हॉल- 5 में फुटवियर और उससे जुड़े उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं जबकि हॉल- 6 में आधुनिक मशीनरी और तकनीक का प्रदर्शन किया जा रहा है. इस साल मेले में चीन और ताइवान समेत कई विदेशी कंपनियां भी हिस्सा ले रही हैं.
ऐसे पहुंचे
प्रदर्शनी में फुटवियर, मशीनरी, आधुनिक उपकरण, सिंथेटिक मटेरियल (PVC, PU, EVA), फैब्रिक्स, सोल्स, एडहेसिव्स और केमिकल्स से जुड़े प्रमुख ब्रांड और निर्माता शामिल हैं. मेले में प्रवेश भैरों मार्ग स्थित गेट नंबर- 3 और 4 तथा मेट्रो स्टेशन की ओर स्थित गेट नंबर- 10 से किया जा सकता है. आयोजकों के अनुसार, 3 दिनों के दौरान देश- विदेश से 15 हजार से अधिक कारोबारी आगंतुकों और खरीदारों के पहुंचने की संभावना है.