महेंद्रगढ़ में सिटी बस सेवा शुरू, अब सिर्फ 5 रुपये में करें शहर का सफर

महेंद्रगढ़ | हरियाणा के महेंद्रगढ़ शहर में सिटी बस सेवा की शुरुआत हो गई. विधायक कंवर सिंह यादव और हरियाणा रोडवेज के महाप्रबंधक (जीएम) देवदत्त ने संयुक्त रूप से बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस मौके पर बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे. रोडवेज जीएम देवदत्त ने बताया कि शुरुआती 6.5 किलोमीटर तक का किराया सिर्फ 5 रुपये रखा गया है. सिटी बस का कुल रूट करीब 12 किलोमीटर लंबा होगा, जो शहर के प्रमुख शैक्षणिक, प्रशासनिक, न्यायिक और व्यावसायिक क्षेत्रों को आपस में जोड़ेगा.

Gurugram City Bus

विधायक कंवर सिंह यादव ने बताया कि बस सेवा से लघु सचिवालय, न्यायिक परिसर, महिला कॉलेज, राजकीय कॉलेज, मॉडल संस्कृति स्कूल, महाराणा प्रताप चौक, राव तुलाराम चौक और मोहल्ला सैनीपुरा समेत कई रिहायशी और बाजार क्षेत्रों तक लोगों की पहुंच आसान होगी.

महेंद्रगढ़ में बस सेवा

इससे रोजाना सफर करने वाले छात्र- छात्राओं, सरकारी और निजी कर्मचारियों, बुजुर्गों तथा कार्यालय आने- जाने वाले लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी. उन्होंने कहा कि महेंद्रगढ़ में सिटी बस सेवा शुरू करना लंबे समय से लोगों की मांग थी. भाजपा सरकार आमजन को सस्ती, सुरक्षित और सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है. 5 रुपये के किराए में शहर के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचने से लोगों का समय और खर्च दोनों बचेंगे.

ट्रैफिक दबाव होगा कम

विधायक ने कहा कि यह सेवा विद्यार्थियों, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए विशेष रूप से लाभदायक साबित होगी. शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने, निजी वाहनों पर निर्भरता घटाने और पर्यावरण संरक्षण में भी इसकी अहम भूमिका रहेगी. इस अवसर पर रामनिवास पाटोदा, बस स्टैंड इंचार्ज हरिकिशन, सिटी बस चालक आशीष, परिचालक संजीत, जितेंद्र, प्रीतम, राजबीर फौजी, अनिल, मोनू कुमार सहित रोडवेज स्टाफ और बड़ी संख्या में यात्री मौजूद रहे.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.