CM सैनी ने युवाओं के साथ लगाई दौड़, महेंद्रगढ़ से दिया पूरे देश को नशे के खिलाफ बड़ा संदेश

महेंद्रगढ़ | हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में रविवार को नशा मुक्त हरियाणा अभियान के तहत हॉफ मैराथन का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि स्वास्थ्य मंत्री आरती राव भी मौजूद रहीं. मैराथन में महेंद्रगढ़ के साथ प्रदेश के अन्य जिलों और दूसरे राज्यों से आए धावकों ने हिस्सा लिया. मैराथन में 5 किलोमीटर और 10 किलोमीटर की दौड़ कराई गई.

CM Saini Marathon

दोनों वर्गों में विजेता लड़के और लड़कियों को अलग- अलग पुरस्कार देकर मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया. सुबह से ही कार्यक्रम स्थल पर युवाओं और बच्चों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी. सरकारी और निजी स्कूलों के विद्यार्थियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.

CM सैनी ने भी लगाई दौड़

युवाओं का उत्साह बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी मैराथन में दौड़ लगाई. उनके साथ स्वास्थ्य मंत्री आरती राव, विधायक ओमप्रकाश यादव, विधायक कंवर सिंह, सांसद धर्मवीर सिंह, पूर्व विधायक अभय सिंह यादव और भाजपा जिला अध्यक्ष यतेंद्र यादव समेत अन्य नेता भी दौड़े. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मैराथन का उद्देश्य हरियाणा को नशा मुक्त बनाना है. हजारों युवा इस संदेश के साथ दौड़ रहे हैं कि वे खुद नशा नहीं करेंगे और दूसरों को भी नशे से दूर रखेंगे. उन्होंने कहा कि युवाओं का यह संदेश महेंद्रगढ़ तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे देश तक पहुंचेगा.

यह भी पढ़े -  महेंद्रगढ़ में सिटी बस सेवा शुरू, अब सिर्फ 5 रुपये में करें शहर का सफर

नूनी शेखपुरा मोड़ से हुई शुरुआत

मैराथन की शुरुआत महेंद्रगढ़ रोड पर सेक्टर-1 के मुख्य गेट के पास नूनी शेखपुरा मोड़ से हुई. यहां से महावीर चौक तक बच्चों और युवाओं की बड़ी संख्या नजर आई. मुख्य मंच पर गायकों ने फिल्मी और देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए, जिन पर युवा और बच्चे उत्साह के साथ झूमते नजर आए. मैराथन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे. पूरे शहर में जगह-जगह पुलिसकर्मी तैनात रहे. महेंद्रगढ़ रोड पर मैराथन के दौरान वाहनों की आवाजाही बंद रही. इस कारण वाहन चालकों को करीब 8 किलोमीटर लंबे वैकल्पिक मार्ग से गुजरना पड़ा.

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घर-घर तिरंगा अभियान के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया. यह अभियान 17 अगस्त तक पूरे हरियाणा में चलेगा. इस दौरान विभिन्न स्थानों पर तिरंगा यात्रा समेत कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.