कॉमनवेल्थ गेम्स गोल्ड के बाद शर्मिला धनखड़ को KBC से बुलावा, हॉट सीट पर बैठेंगी अमिताभ बच्चन के सामने; हरियाणा की पहली पैरा खिलाड़ी

रोहतक | कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के महिला पैरा शॉट पुट F57 इवेंट में गोल्ड मेडल जीतने वालीं शर्मिला धनखड़ की जिंदगी में एक और बड़ा मौका आया है. गोल्ड मेडल जीतने के बाद अब उन्हें कौन बनेगा करोड़पति (KBC) में शामिल होने का बुलावा मिला है. शर्मिला अपनी बेटियों, पति और चीफ कोच के साथ मुंबई रवाना हो चुकी हैं. मंगलवार को वह अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर बैठेंगी. उनके साथ एपिसोड की शूटिंग दोपहर में होगी, जबकि इसका प्रसारण 15 अगस्त के बाद किया जाएगा. शर्मिला हरियाणा की पहली पैरा खिलाड़ी हैं, जिन्हें KBC में शामिल होने का मौका मिला है.

Sharmila Dhankar Rohtak

वह हरियाणा की महिला खिलाड़ियों में मनु भाकर और क्रिकेटर शैफाली वर्मा के बाद तीसरी खिलाड़ी होंगी, जिन्हें इस शो में पहुंचने का अवसर मिला है. KBC की शूटिंग को लेकर शर्मिला के परिवार में खासा उत्साह है.

KBC टीम ने किया संपर्क

शर्मिला ने कहा कि जिंदगी में उन्होंने इतने उतार- चढ़ाव देखे हैं कि अब किसी के सामने भी नर्वसनेस महसूस नहीं होती. वह हर व्यक्ति से पूरे आत्मविश्वास के साथ बात कर सकती हैं. शर्मिला तक पहुंचने के लिए KBC की टीम ने पैरा ओलिम्पिक कमेटी से संपर्क किया था. इसके बाद चीफ कोच सत्यनारायण के जरिए टीम की शर्मिला से पहली बातचीत हुई. घर में जब उनकी बेटियों को KBC से बुलावे की जानकारी मिली तो वे बेहद खुश हुईं. बेटियों के लिए सबसे बड़ी खुशी अमिताभ बच्चन से मिलने का मौका मिलना है.

तीन बार हुआ इंटरव्यू

हॉट सीट के लिए शर्मिला का चयन करने से पहले KBC टीम ने जूम कॉल पर उनके तीन इंटरव्यू लिए. इस दौरान टीम ने उनके परिवार, निजी जिंदगी और खेल के सफर के बारे में विस्तार से जानकारी ली. इसके बाद महज दो दिन में उनका नाम फाइनल कर दिया गया. टीम की ओर से उन्हें फ्लाइट टिकट और मुंबई जाने से जुड़ी अन्य जानकारी भेजी गई. शर्मिला ने दिल्ली एयरपोर्ट से शाम करीब 7 बजे मुंबई के लिए फ्लाइट ली. शर्मिला ने बताया कि उनकी छोटी बेटी लक्ष्मी पहली बार फ्लाइट में बैठी हैं. बेटियां उनसे भी ज्यादा उत्साहित हैं, क्योंकि उन्हें अमिताभ बच्चन के साथ इतने बड़े शो में आने का मौका मिल रहा है.

अब तैयारी का लक्ष्य

शर्मिला का अगला लक्ष्य एशियन गेम्स है. उन्होंने इसकी तैयारी शुरू कर दी है. करीब तीन महीने बाद होने वाले गेम्स में उनका लक्ष्य गोल्ड मेडल जीतना है. इसके बाद वह लॉस एंजिल्स 2028 ओलिम्पिक की तैयारी में जुटेंगी. शर्मिला ने कहा कि फिलहाल उनके पास इवेंट की प्रैक्टिस शुरू करने के लिए समय नहीं है और KBC की तैयारी के कारण उनकी ट्रेनिंग प्रभावित हो रही थी. इसके बावजूद अमिताभ बच्चन से मिलने की ख्वाहिश के कारण उन्होंने मुंबई जाने का फैसला किया. शर्मिला के मुताबिक, अगर वह KBC में अच्छी रकम जीतने में कामयाब रहती हैं तो उसका इस्तेमाल घर खरीदने और अपनी बेटियों को खेलों की तैयारी कराने में करेंगी.

PM से किया वादा

कॉमनवेल्थ गेम्स के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान शर्मिला ने वादा किया था कि अगली बार उनके घर से तीन मेडल आएंगे. शर्मिला के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने उनसे कहा था कि इस बार बेटियों के साथ आने का प्रॉमिस करके गई थीं. इस पर उन्होंने कहा कि इस बार बेटियां छोटी थीं, अगली बार उनके मेडल भी साथ होंगे.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.