करनाल | हरियाणा में करनाल जिला के घरौंडा के एसडीएम राजेश कुमार सोनी ने गगसीना गांव स्थित चीफ मिनिस्टर एक्सीलेंस एंड एर्ली एंग्लिश राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया. करीब दो से तीन घंटे तक चले निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्कूल में शिक्षा व्यवस्था और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया. एसडीएम ने शिक्षक उपस्थिति रजिस्टर, प्रार्थना सभा, पीटी, कक्षाओं, साफ- सफाई, मिड- डे मील, साईंस रूम और पुस्तकालय की व्यवस्थाएं जांचीं. निरीक्षण के दौरान सभी शिक्षक उपस्थित मिले.

एसडीएम ने सबसे पहले शिक्षकों का उपस्थिति रजिस्टर चेक किया. इसके बाद उन्होंने लड़कों के स्कूल में प्रार्थना सभा और पीटी की गतिविधियां देखीं. फिर छात्राओं के स्कूल में पहुंचकर कमरों, बरामदों, साफ-सफाई और मध्याह्न भोजन की व्यवस्था का निरीक्षण किया. उन्होंने शिक्षकों की हाजिरी भी जांची.
विद्यार्थियों से की बातचीत
एसडीएम अलग- अलग कक्षाओं में पहुंचे और विद्यार्थियों से बातचीत की. उस समय बच्चे हिंदी विषय की पढ़ाई कर रहे थे. उन्होंने छात्राओं से उनके करियर और भविष्य की योजनाओं के बारे में सवाल किए. साथ ही, ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चार लाइनें लिखने को कहा. छात्राओं की कॉपियां देखने के बाद उन्होंने इसी विषय पर बोलने के लिए भी कहा. कुछ छात्राओं ने तुरंत जवाब दिया, जबकि कुछ विषय को पूरी तरह स्पष्ट नहीं कर पाईं.
बच्चों से पूछा सवाल
लड़कों के स्कूल में एसडीएम ने 10वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों से बातचीत की. उन्होंने बच्चों से उनके पसंदीदा विषय, हॉबी, पसंदीदा खेल और भविष्य के लक्ष्य के बारे में पूछा. विद्यार्थियों ने बताया कि कोई आईएएस अधिकारी, कोई खिलाड़ी, कोई पुलिसकर्मी, कोई सैनिक, कोई डॉक्टर तो कोई शिक्षक बनकर समाजसेवा करना चाहता है. एसडीएम राजेश कुमार सोनी ने विद्यार्थियों के सपनों की सराहना करते हुए उन्हें लक्ष्य हासिल करने के लिए लगातार मेहनत करने के लिए प्रेरित किया.
उन्होंने कहा कि बच्चों के सपने बड़े हैं और शिक्षक भी उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं. एसडीएम ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की सलाह दी. उन्होंने नशे के कारण होने वाले सामाजिक, आर्थिक और मानसिक नुकसान के बारे में भी बच्चों को जागरूक किया.