हांसी | हरियाणा का 23वां जिला बनने के बाद हांसी शहर की अलग पहचान को दर्शाने के लिए नया लोगो तैयार किया गया है. इसकी खासियत यह है कि लोगो के हर अक्षर में शहर के इतिहास, संस्कृति, कृषि, वीरता और आधुनिक विकास की झलक दिखाई देती है. अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) लक्षित शरीन ने करीब तीन महीने की मेहनत के बाद इस लोगो को तैयार किया है. स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान उन्होंने यह लोगो मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को भेंट किया, जिसे मुख्यमंत्री ने सराहा.

एडीसी ने बताया कि लोगो को अंतिम रूप देने से पहले समग्र शिक्षा के तहत विभिन्न स्कूलों के बच्चों से हांसी के इतिहास और पहचान से जुड़ी पेंटिंग बनवाई गई थीं. इन्हीं पेंटिंग के आधार पर लोगो का डिजाइन तैयार किया गया.
अक्षरों में समाई पहचान
पूरा लोगो हाथ से बनाया गया है और इसे तैयार करने में किसी तरह की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) या डिजिटल डिजाइन का इस्तेमाल नहीं किया गया. लोगो में H अक्षर ऐतिहासिक असीगढ़ किले को दर्शाता है. A अक्षर राखीगढ़ी की हड़प्पाकालीन सभ्यता का प्रतीक है. N में हांसी की कृषि और सब्जी उत्पादन, खासकर हरी मिर्च और गोभी को दर्शाया गया है. वहीं, S अक्षर शहर की करीब 150 साल पुरानी पेड़ा और मिठाई बनाने की परंपरा को समर्पित है.
I अक्षर 1857 की क्रांति, शहीद स्मारक और हांसी के वीरों के बलिदान की याद दिलाता है. इसमें 19 जनवरी 1858 को लाल हुकमचंद जैन, फकीरचंद और मिर्जा मुनीर बेग को फांसी दिए जाने का ऐतिहासिक संदर्भ भी शामिल है.
ड्रोन तैयार
लोगो के ऊपर बना ड्रोन सिसाय में विकसित हो रही इंटीग्रेटेड ड्रोन सिटी को दर्शाता है. यहां कृषि, रक्षा और औद्योगिक उपयोग के लिए ड्रोन तैयार किए जाएंगे. एडीसी ने बताया कि जल्द ही शहर के अलग-अलग स्थानों पर इस लोगो की पेंटिंग भी बनवाई जाएंगी, ताकि नई पीढ़ी को हांसी की समृद्ध विरासत और आधुनिक पहचान से परिचित कराया जा सके.