रेवाड़ी | रक्षाबंधन और जन्माष्टमी समेत आगामी त्योहारों को देखते हुए भारतीय रेलवे (Indian Railways) ने यात्रियों के लिए विशेष इंतजाम किए हैं. उत्तर पश्चिम रेलवे ने रींगस- रेवाड़ी- रींगस के बीच एक्सप्रेस स्पेशल रेलसेवा चलाने का निर्णय लिया है. ट्रेन के संचालन से राजस्थान और हरियाणा के बीच सफर करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी. साथ ही, त्योहारों के दौरान बढ़ने वाले अतिरिक्त यात्री भार को कम करने में मदद मिलेगी.

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 09715 रींगस- रेवाड़ी एक्सप्रेस स्पेशल 22, 23, 29, 30 अगस्त और 5, 6, 7, 12, 13, 19, 20 तथा 22 सितंबर 2026 को 12 ट्रिप करेगी. ट्रेन रींगस से रात 11:55 बजे रवाना होगी. अगले दिन सुबह 4 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी.
सबसे ज्यादा फायदा
इसी तरह गाड़ी संख्या 09716 रेवाड़ी- रींगस एक्सप्रेस स्पेशल 23, 24, 30, 31 अगस्त और 6, 7, 8, 13, 14, 20, 21 तथा 23 सितंबर 2026 को कुल 12 ट्रिप संचालित होगी. यह ट्रेन रेवाड़ी से रात 8:20 बजे रवाना होकर रात 11:20 बजे रींगस पहुंचेगी.
स्पेशल ट्रेन के संचालन से खाटू श्याम जाने वाले भक्तों में भी खुशी है. श्याम भक्त विनय जिंदल, महेंद्र, सोहन सिंह और विपिन यादव ने बताया कि नारनौल- रेवाड़ी रेलमार्ग पर दोहरीकरण कार्य के चलते दिन के समय चलने वाली कई ट्रेनें बंद हैं. ऐसे में यात्रियों और श्याम भक्तों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. रात के समय स्पेशल ट्रेन शुरू होने से खाटू श्याम जाने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी.
11 डिब्बों के साथ चलेगी ट्रेन
रेलवे के अनुसार स्पेशल ट्रेन में कुल 11 डिब्बे होंगे. इनमें 9 साधारण श्रेणी के कोच और 2 गार्ड डिब्बे शामिल हैं. साधारण श्रेणी के अधिक कोच होने से आम यात्रियों और दैनिक आवागमन करने वालों को राहत मिलने की उम्मीद है. त्योहारों पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए भी यह अतिरिक्त रेलसेवा उपयोगी रहेगी. भारतीय रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन के संचालन और समय की जानकारी आधिकारिक माध्यमों से जरूर जांच लें. साथ ही, यात्रा के दौरान रेलवे के निर्धारित नियमों का पालन करें.