जींद | हरियाणा के जींद में 27 वर्षीय इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी मोहित दलाल उर्फ चेतन का अचानक निधन हो गया. परिवार के मुताबिक, 19 अगस्त की सुबह घर पर अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई. परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. डॉक्टरों ने मौत का कारण हार्ट अटैक बताया. मोहित की मौत की खबर से परिवार के साथ गांव और कबड्डी जगत में शोक की लहर दौड़ गई.

नंदगढ़ गांव के रहने वाले मोहित दलाल ने करीब 10 साल की उम्र में कबड्डी खेलना शुरू किया था. गांव के पूर्व पहलवान प्रकाश के मार्गदर्शन में उन्होंने स्टेडियम में प्रैक्टिस की. कम उम्र से ही कबड्डी के प्रति उनका लगाव बढ़ता गया और आगे चलकर उन्होंने अपनी शानदार रेडिंग के दम पर अलग पहचान बनाई.
बेस्ट रेडर
मोहित दर्जनों बार बेस्ट रेडर रह चुके थे. हरियाणा और पंजाब में आयोजित कई बड़े सर्कल कबड्डी टूर्नामेंटों में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए इनाम और ट्रॉफियां जीतीं. वह शीलू बल्हारा के साथ भी कई मैच खेल चुके थे. उनकी तेजी और रेड के दौरान सही समय पर फैसला लेने की क्षमता के कारण साथी खिलाड़ी भी उनके खेल की तारीफ करते थे. मोहित की पहचान सिर्फ हरियाणा और पंजाब तक सीमित नहीं रही. वह दुबई, कनाडा और इंग्लैंड में भी कबड्डी खेल चुके थे. विदेशों में जाकर कई ट्रॉफियां जीतना उनके खेल करियर की बड़ी उपलब्धियों में शामिल रहा.
थे अविवाहित
पिछले दिनों उन्हें खेल के दौरान चोट लगी थी. इसके बाद उनका ऑपरेशन हुआ. ऑपरेशन के बाद वह रिकवरी कर रहे थे और दोबारा कबड्डी के मैदान पर लौटने के लिए अभ्यास भी शुरू कर चुके थे. परिवार और साथी खिलाड़ियों को उम्मीद थी कि वह जल्द ही पूरी तरह फिट होकर फिर से मैदान में नजर आएंगे. इसी बीच 19 अगस्त की सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने से उनकी जान चली गई. मोहित अविवाहित थे. परिवार के मुताबिक, उनसे पहले परिवार में कोई पहलवान नहीं था. उनकी असमय मौत से परिवार और कबड्डी से जुड़े खिलाड़ियों में गहरा दुख है.