महेंद्रगढ़ | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 23 अगस्त को नांगल चौधरी स्थित इंटीग्रेटेड मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक हब (आईएमएलएच) के प्रथम चरण के तहत तैयार किए गए रेल यार्ड का उद्घाटन करेंगे. इस दौरान पहली बार नए रेलवे ट्रैक पर मालगाड़ी का संचालन भी शुरू किया जाएगा. राजस्थान के न्यू डाबला रेलवे स्टेशन से रवाना होने वाली पहली मालगाड़ी नांगल चौधरी रेल यार्ड पहुंचेगी.

यहां मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हरी झंडी दिखाकर मालगाड़ी को रवाना करेंगे. मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे और जिले में चल रही विकास परियोजनाओं की तैयारियों को लेकर हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीरवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा बैठक की.
दी जानकारी
बैठक में उपायुक्त अनुपमा अंजली ने कार्यक्रम की तैयारियों और परियोजना की प्रगति की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय औद्योगिक कॉरिडोर विकास कार्यक्रम (NICDP) तथा दिल्ली- मुंबई औद्योगिक कॉरिडोर (DMIC) परियोजना के तहत नांगल चौधरी में 886.78 एकड़ भूमि स्वीकृत है. इसमें से करीब 408 एकड़ क्षेत्र में पहले चरण का बुनियादी ढांचा पूरी तरह तैयार हो चुका है.
खुलेंगे रास्ते
पहले चरण में रेल, सड़क, पेयजल और बिजली जैसी बाहरी आधारभूत सुविधाएं विकसित की जा चुकी हैं. इसके अलावा आंतरिक रेल यार्ड में चार रेलवे लाइनें, दो प्लेटफॉर्म और आधुनिक स्टेशन भवन का निर्माण भी पूरा हो चुका है. रेल यार्ड के संचालन की जिम्मेदारी केंद्रीय भंडारण निगम (सीडब्ल्यूसी) को सौंपी गई है. डीसी ने कहा कि महेंद्रगढ़ जिले की भौगोलिक स्थिति उत्तर भारत के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों और बंदरगाहों से कनेक्टिविटी के लिहाज से रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है. रेल यार्ड के संचालन और पहली मालगाड़ी के आगमन से माल ढुलाई तेज होने के साथ कम लागत पर संभव होगी.
इससे क्षेत्र की आपूर्ति श्रृंखला मजबूत होगी और परिवहन लागत में कमी आएगी. दक्षिणी हरियाणा में उद्योगों के विस्तार, नए निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है.
तैयारियां पूरी करने के निर्देश
समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्घाटन कार्यक्रम से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं और लंबित कार्य समय पर पूरे कर लिए जाएं. उन्होंने कहा कि परियोजना का लाभ प्रदेश को जल्द से जल्द मिलना चाहिए. बैठक में नारनौल के एसडीएम अनिरुद्ध यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.