नूंह | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के 29 अगस्त को प्रस्तावित नूंह दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. उपायुक्त अखिल पिलानी ने शुक्रवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए. उपायुक्त अखिल पिलानी ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 29 अगस्त को नूंह में नवनियुक्त प्राथमिक अध्यापकों के राज्य स्तरीय अभिमुखीकरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. वह मेवात विकास अभिकरण के कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता भी करेंगे.

बैठक में डीसी अखिल पिलानी ने जिला मौलिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को कार्यक्रम की पूरी रूपरेखा तैयार करने और आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए. उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने और सौंपे गए दायित्वों को गंभीरता से पूरा करने को कहा.
बढ़ाई गई सुविधा
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए विभिन्न विभागों को अलग- अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. पुलिस विभाग सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभालेगा. लोक निर्माण विभाग कार्यक्रम स्थल से जुड़ी व्यवस्थाएं पूरी करेगा. जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था करनी होगी. स्वास्थ्य विभाग को कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा सेवाएं और आपातकालीन व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं. वहीं, जिला सूचना विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों को भी कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में जरूरी तैयारियां प्राथमिकता के आधार पर पूरी करने को कहा गया है.
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
उपायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने- अपने विभागों के कार्यों की नियमित निगरानी करने को कहा. उन्होंने कहा कि तैयारियों के दौरान सामने आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए, ताकि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम व्यवस्थित, सफल और गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न हो सके.