रेवाड़ी | हरियाणा में रक्षाबंधन के बाद त्योहारों के सीजन में बढ़ने वाली यात्रियों की संख्या को देखते हुए रेलवे ने रेवाड़ी- फुलेरा- रेवाड़ी अनारक्षित स्पेशल ट्रेन का मदार जंक्शन तक विस्तार कर दिया है. अब यह ट्रेन रेवाड़ी- मदार जंक्शन- रेवाड़ी अनारक्षित स्पेशल के तौर पर चलेगी. ट्रेन के विस्तार से हरियाणा के साथ राजस्थान जाने वाले यात्रियों को भी राहत मिलने की उम्मीद है.
यह ट्रेन रेवाड़ी से सुबह 4:15 बजे रवाना होगी. इसके बाद, फुलेरा सुबह 9:20 बजे, नरैना 9:39 बजे और किशनगढ़ 10:14 बजे पहुंचेगी. ट्रेन सुबह 11 बजे मदार जंक्शन पहुंचेगी.
रेवाड़ी- फुलेरा- रेवाड़ी अनारक्षित स्पेशल ट्रेन
वापसी में गाड़ी संख्या 09718 मदार जंक्शन- रेवाड़ी अनारक्षित स्पेशल भी 29 से 31 अगस्त तक तीन और 4 से 7 सितंबर तक चार ट्रिप संचालित होगी. मदार जंक्शन से ट्रेन सुबह 11:50 बजे चलेगी. किशनगढ़ 12:05 बजे, नरैना 12:40 बजे और फुलेरा 12:55 बजे पहुंचेगी. इसके बाद ट्रेन शाम 5:30 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी. रेलवे के अनुसार, स्पेशल ट्रेन का ठहराव कुंड, अटेली, नारनौल, निजामपुर, डाबला, मांवड़ा, नीमकाथाना, कांवट, श्रीमाधोपुर, रींगस, रेनवाल, फुलेरा, नरैना और किशनगढ़ स्टेशनों पर रहेगा. इससे इन क्षेत्रों के यात्रियों को त्योहारों के दौरान सफर के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेगा.
15 डिब्बों के साथ चलेगी स्पेशल
यात्रियों की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए ट्रेन में कुल 15 डिब्बे लगाए जाएंगे. इनमें 13 साधारण श्रेणी के कोच और 2 गार्ड डिब्बे शामिल होंगे. अनारक्षित श्रेणी में सफर करने वाले यात्रियों को इससे अतिरिक्त सीटों की सुविधा मिल सकेगी. रेलवे ने त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यह व्यवस्था की है. उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के मुताबिक, गाड़ी संख्या 09717 रेवाड़ी– मदार जंक्शन अनारक्षित स्पेशल 29 से 31 अगस्त तक तीन ट्रिप और 4 से 7 सितंबर तक चार ट्रिप लगाएगी.
