कैथल | हरियाणा के कैथल जिले के गांव दयोरा में बुजुर्गों के लिए सुविधाओं से जुड़ी नई पहल की शुरुआत होने जा रही है. बता दें कि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर आज रविवार को आनंदम् वृद्ध सेवा आंगन का शिलान्यास करेंगे. करीब दो एकड़ जमीन पर बनने वाले इस सेवा केंद्र का निर्माण सर्व जन सुखाय सेवा ट्रस्ट कैथल की ओर से कराया जाएगा. शिलान्यास समारोह आरकेएसडी कॉलेज के सभागार में आयोजित किया जाएगा.
सेवा संघ के प्रमुख शिव शंकर पाहवा ने बताया कि गांव दयोरा में बनने वाला आनंदम् वृद्ध सेवा आंगन वृद्धजनों की सेवा और कल्याण को ध्यान में रखकर विकसित किया जाएगा. यहां बुजुर्गों के लिए सुविधाजनक वातावरण तैयार करने के साथ उनकी जरूरतों को प्राथमिकता दी जाएगी.
प्रमुख लोग रहेंगे मौजूद
आनंदम् वृद्ध सेवा आंगन के शिलान्यास कार्यक्रम में भारत सरकार के ऊर्जा, आवासन एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल मुख्य अतिथि होंगे. हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा, प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, कुरुक्षेत्र सांसद नवीन जिंदल और पूंडरी विधायक सतपाल जाम्बा विशिष्ट अतिथि के तौर पर कार्यक्रम में शामिल होंगे.
किया जाएगा विकसित
कार्यक्रम में कैथल शहर और जिले के गणमान्य नागरिकों के अलावा सामाजिक संस्थाओं से जुड़े लोग तथा आमजन भी मौजूद रहेंगे. ट्रस्ट के अनुसार, यह केंद्र वृद्धजनों के लिए सेवा, सुरक्षा और सम्मान की भावना के साथ विकसित किया जाएगा.
