करनाल | केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल 30 अगस्त को करनाल स्मार्ट सिटी की चार प्रमुख परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे. करीब 23.67 करोड़ रुपए की लागत से तैयार इन परियोजनाओं को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. कार्यक्रम सुबह 9 बजे शुरू होगा. उपायुक्त एवं स्मार्ट सिटी करनाल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि इन विकास कार्यों में शक्ति कॉलोनी कॉम्पलेक्स का ऑब्जरवेशन सेंटर, सेक्टर- 33 का सामुदायिक केंद्र व पुस्तकालय, सेक्टर- 32 का सामुदायिक केंद्र और सेक्टर- 9 सड़क व शहीद उधम सिंह पार्क का नवीनीकरण शामिल है.
मनोहर लाल सबसे पहले शक्ति कॉलोनी कॉम्पलेक्स में 4.03 करोड़ रुपए की लागत से बने ऑब्जरवेशन सेंटर का उद्घाटन करेंगे. करीब 2400 वर्ग मीटर क्षेत्र में बने इस भवन में भूतल के अलावा दो मंजिल हैं.
लाइब्रेरी और खेल सुविधाएं
यहां कार्यालय, बाल कल्याण समिति कक्ष, काउंसलिंग रूम, डाइनिंग हॉल, बेडरूम, डोरमेटरी, कक्षा कक्ष और पुस्तकालय जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं. डॉक्टर केबिन, सिक रूम और वर्कशॉप की सुविधा भी उपलब्ध है. सेक्टर- 33 में 11.20 करोड़ रुपए की लागत से सामुदायिक केंद्र, पुस्तकालय भवन, बैडमिंटन और वॉलीबॉल कोर्ट तैयार किए गए हैं. यहां डिजिटल लाइब्रेरी, रीडिंग रूम, कॉन्फ्रेंस रूम, कैफे और ऑडियो- वीडियो कक्ष जैसी सुविधाएं हैं. परिसर में 3 बैडमिंटन और 2 वॉलीबॉल कोर्ट बनाए गए हैं. सामुदायिक केंद्र में अलग- अलग मंजिलों पर बड़ी संख्या में लोगों के बैठने की व्यवस्था है.
सेक्टर- 32 में सामुदायिक केंद्र
सेक्टर- 32 का सामुदायिक केंद्र 7.24 करोड़ रुपए की लागत से तैयार हुआ है. इसमें बैडमिंटन हॉल, बहुउद्देश्यीय हॉल, जिम, टेबल टेनिस, रीडिंग रूम, ब्राइडल सुइट और अन्य सुविधाएं विकसित की गई हैं. टेरेस फ्लोर पर 500 लोगों की क्षमता वाला स्थान भी बनाया गया है. सेक्टर- 9 में 1.20 करोड़ रुपए से सड़क और शहीद उधम सिंह पार्क का नवीनीकरण किया गया है. करीब 6.5 एकड़ क्षेत्र में विकसित पार्क में पैदल पथ, नए गेट, चारदीवारी, लॉन, बेंच और रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम बनाए गए हैं. बता दें कि यहां 750 पौधों के साथ 200 खजूर के पेड़ भी लगाए गए हैं.
