महेंद्रगढ़ | भाजपा नेता और भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने महिला पहलवानों के आरोपों को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि हरियाणा की कुछ महिला पहलवानों के आरोपों से उन्हें देशभर में पहचान मिली, इसलिए वह उनसे नाराज नहीं हैं. उन्होंने रामायण का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह कैकेयी के कारण राजा राम की पहचान भगवान राम के रूप में हुई, उसी तरह पहलवानों के आरोपों ने उन्हें भी पूरे देश में पहचान दिलाई. उनके मुताबिक, इन्हीं आरोपों ने उन्हें उत्तर प्रदेश से निकालकर हरियाणा में भी हीरो बना दिया.
बृजभूषण सिंह रविवार को महेंद्रगढ़ जिले के पाथेड़ा गांव में इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी सचिन तंवर के राजस्थान पुलिस में DSP पद पर प्रमोट होने के बाद आयोजित स्वागत समारोह में पहुंचे थे.
अब चवन्नी का टोटा
कार्यक्रम में बृजभूषण सिंह ने कहा कि जिन महिला पहलवानों का पहले अलग-अलग कार्यक्रमों में सम्मान किया जाता था, अब उन्हें कोई बुलाने वाला भी नहीं है. उन्होंने दावा किया कि पहले उन्हें लाखों रुपये मिलते थे, लेकिन अब चवन्नी का भी टोटा है. उन्होंने कहा कि पहलवानों ने उन्हें फेमस किया, इसलिए उनसे नाराज होने की कोई वजह नहीं है. महिला पहलवानों से जुड़े यौन शोषण मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने इसी महीने की 3 तारीख को बृजभूषण सिंह को बरी किया था.
जीवन में झेली कई मुश्किलें
बृजभूषण सिंह ने अपने जीवन के संघर्षों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने कई कठिन दौर देखे हैं, लेकिन कभी हार नहीं मानी. उन्होंने बताया कि अपने पांच भाइयों और एक जवान बेटे की चिता को मुखाग्नि देनी पड़ी. उनके अनुसार, उन्होंने अपने सामने घर को गिरते हुए भी देखा है. उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ दर्ज पहला मुकदमा भी घर गिराने से जुड़ा था. उन्होंने राम जन्मभूमि आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान CBI ने उन्हें गिरफ्तार किया था. बृजभूषण ने बताया कि 1996 में कांग्रेस सरकार के समय उन पर दाऊद इब्राहिम की मदद करने का आरोप लगाया गया था. उन्होंने कहा कि बाद में उन्हें लगा कि उनकी पत्नी के सांसद बनने के कारण उन्हें जेल भेजा गया था.
📍पाथेड़ा, महेंद्रगढ़, हरियाणा
सत्यमेव जयते रैली में आज के कुछ प्रमुख एवं यादगार क्षण! pic.twitter.com/84AmFZC8Ud
— BrijBhushan Sharan Singh (@b_bhushansharan) August 30, 2026
सचिन तंवर का सफर
महेंद्रगढ़ के रहने वाले सचिन तंवर इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी हैं. वह प्रो कबड्डी लीग (PKL) में गुजरात जायंट्स, पटना पाइरेट्स और तमिल थलाइवाज जैसी टीमों का हिस्सा रह चुके हैं. जूनियर एशियाई चैंपियनशिप में उन्होंने भारतीय टीम की कप्तानी करते हुए गोल्ड मेडल जीता था. खेल कोटे के तहत उनका राजस्थान पुलिस में DSP पद पर प्रमोशन/ नियुक्ति हुई है.
