ग्रामीणों को नहीं लगाने पड़ेंगे दफ्तरों के चक्कर, गांव में पहुंचकर झज्जर DC ने सुनीं समस्याएं

झज्जर | हरियाणा के झज्जर जिले के बेरी खंड के गांव गांगटान में आयोजित रात्रि ठहराव कार्यक्रम में जिला प्रशासन ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं. राजकीय उच्च विद्यालय में हुए कार्यक्रम में DC वर्षा खांगवाल ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया. इस दौरान गांव की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कई मुद्दे प्रशासन के सामने रखे गए. ग्रामीणों ने सड़क और जल निकासी के अलावा बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और पशुपालन से संबंधित समस्याओं की जानकारी DC को दी.

Jhjjar DC

वर्षा खांगवाल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से मौके पर ही स्थिति की जानकारी ली और जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए. DC वर्षा खांगवाल ने कहा कि रात्रि ठहराव कार्यक्रम का मकसद सिर्फ प्रशासनिक औपचारिकता पूरी करना नहीं है.

मिलेगी राहत

इसके जरिए प्रशासन जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सीधे समझ रहा है. उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को छोटी- छोटी शिकायतों के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें इसलिए प्रशासन गांवों तक पहुंच रहा है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए. जिन मामलों का समाधान स्थानीय स्तर पर संभव है, उन्हें अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए. साथ ही, कार्रवाई की प्रगति के बारे में संबंधित ग्रामीणों को भी जानकारी दी जाए.

उठे कई मुद्दे

कार्यक्रम में ग्रामीणों ने गांव की सुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दे सामने रखे. खास तौर पर पेयजल और जल निकासी की समस्या पर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया. इसके अलावा सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और पशुपालन से जुड़े विषय भी उठाए गए. DC ने अधिकारियों से प्रत्येक समस्या की वर्तमान स्थिति जानी और समयबद्ध तरीके से समाधान करने को कहा. उन्होंने कहा कि आमजन को सरकारी सेवाएं पारदर्शी तरीके से और तय समय में मिलनी चाहिए.

लगाए सूचना स्टॉल

रात्रि ठहराव के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से सूचना स्टॉल भी लगाए गए. इनमें ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, सरकारी सेवाओं और पात्रता से संबंधित जानकारी दी गई. DC ने स्टॉल का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में किसी तरह की लापरवाही न हो. स्कूल परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम भी हुआ. सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के कलाकारों ने हरियाणवी लोकगीतों के जरिए ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी.

यह भी पढ़े -  कांग्रेस की आपसी कलह पर बृजेन्द्र सिंह ने दिखाया आईना! कार्यकर्ताओं से कही ये बात

दी ये जानकारी

पुलिस विभाग की ओर से डीघल चौकी प्रभारी संदीप कुमार ने ग्रामीणों को नशे से होने वाले नुकसान, यातायात नियमों और साइबर अपराध से बचने के तरीके बताए. उन्होंने साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी. किसी भी आपात स्थिति में 112 नंबर पर संपर्क करने की अपील भी की गई. कार्यक्रम में एडीसी जगनिवास, एसडीएम बेरी रेणुका नांदल, सीईओ जिला परिषद मनीष फौगाट, सीटीएम ऋतु, एसीपी हितेश महाला, समाजसेवी बलवान सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे. सरपंच दलबीर सिंह ने DC वर्षा खांगवाल का स्वागत करते हुए गांव की प्रमुख मांगें उनके सामने रखीं.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.