फतेहाबाद | राजस्थान के प्रसिद्ध लोक देवता बाबा रामदेवजी के दर्शन के लिए रुणिचा धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है. मेले को देखते हुए फतेहाबाद डिपो ने भक्तों की सुविधा के लिए फतेहाबाद से रुणिचा धाम तक स्पेशल हरियाणा रोडवेज बस सेवा शुरू की है. यह बस सेवा 4 सितंबर से 24 सितंबर तक संचालित होगी. फतेहाबाद बस स्टैंड से सुबह 7 बजे स्पेशल बस को पूर्व विधायक दुड़ाराम ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
इस दौरान रोडवेज अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी मौजूद रहे. बस सेवा शुरू होने से आसपास के क्षेत्रों से बाबा रामदेवजी के दर्शन के लिए जाने वाले लोगों को सीधी यात्रा की सुविधा मिलेगी.
बस का रूट और समय
फतेहाबाद से बस रोजाना सुबह 7 बजे रवाना होगी. इसके बाद भट्टू, नोहर, रावतसर और पल्लू होते हुए शाम करीब 6 बजे रुणिचा धाम पहुंचेगी. वापसी में बस अगले दिन सुबह 5 बजे रुणिचा धाम से चलेगी और निर्धारित मार्ग से होते हुए शाम 5 बजे फतेहाबाद पहुंचेगी. प्रति यात्री किराया 610 रुपये रखा गया है. संस्थान प्रबंधक राम सिंह ऐचरा ने बताया कि बाबा रामदेवजी के मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु रुणिचा धाम पहुंचते हैं. यात्रियों की भीड़ को देखते हुए स्पेशल बस शुरू की गई है.
ये लोग रहे मौजूद
इस मौके पर रोडवेज जीएम मनोज शर्मा, संस्थान प्रबंधक राम सिंह ऐचरा, हवा सिंह, रामाधणी सोशल वेलफेयर ट्रस्ट हरिपुरा धाम के प्रधान मोहन लाल सैनी सहित कई गणमान्य लोग और श्रद्धालु मौजूद रहे. સીधी बस सेवा मिलने से स्थानीय रामदेव भक्तों में खासा उत्साह है.
