सोनीपत में अनोखा प्रदर्शन, अधिकारियों को शक्तियां याद दिलाने के लिए 21 दिन होगा हनुमान चालीसा पाठ

सोनीपत | हरियाणा के सोनीपत शहर की समस्याओं को लेकर अनोखा प्रदर्शन शुरू किया गया है. प्रशासनिक अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां और शक्तियां याद दिलाने के लिए लोग रिटायर्ड स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) पवन कुमार के नेतृत्व में 21 दिन तक हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे हैं. चौराहे पर DC नेहा सिंह, पुलिस कमिश्नर ममता सिंह और नगर निगम कमिश्नर हर्षित कुमार की तस्वीरों वाले बोर्ड भी लगाए गए हैं. इन बोर्डों पर संबंधित अधिकारियों से जुड़ी शहर की अलग-अलग समस्याओं को सामने रखा गया है.

Janmastami

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पवन कुमार का कहना है कि कई बार शिकायतों के बावजूद शहर की समस्याओं का अपेक्षित समाधान नहीं हुआ. इसलिए यह तरीका अपनाया गया है. उनका कहना है कि बोर्ड लगाने का उद्देश्य अधिकारियों को उनकी प्रशासनिक शक्तियों और जिम्मेदारियों की याद दिलाना है.

की गई मांग

पवन कुमार ने आरोप लगाया कि रात के समय सिविल लाइन थाना पुलिस अधिकारियों की तस्वीर वाले बोर्ड उतारकर अपने साथ ले गई. अब वह पुलिस से इन बोर्डों को वापस करने की मांग कर रहे हैं. उनका कहना है कि बोर्ड वापस नहीं किए गए तो थाने में शिकायत दी जाएगी. इस संबंध में सिविल लाइन थाना SHO परविंद्र सिंह से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया. पवन कुमार के मुताबिक वह 2009 में सेना से रिटायर हुए थे. करीब 12 साल तक हरियाणा पुलिस में स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) के रूप में सेवाएं दीं. 31 जुलाई को वह SPO की सेवा से भी रिटायर हुए हैं. फिलहाल, वह आशा धाम NGO के साथ सामाजिक सेवा से जुड़े हुए हैं.

उन्होंने बताया कि शहर की समस्याओं को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों तक शिकायतें पहुंचाई गईं, लेकिन समाधान नहीं होने पर हनुमान चालीसा का पाठ करने का निर्णय लिया गया. यह कार्यक्रम 5 सितंबर से शुरू हुआ है और लगातार 21 दिनों तक चलेगा. सुबह 10 से 10:15 बजे और शाम 6 से 6:15 बजे तक सामूहिक पाठ किया जा रहा है.

ट्रैफिक और अतिक्रमण पर सवाल

DC नेहा सिंह की तस्वीर वाले बोर्ड पर शहर की सड़क, ट्रैफिक और सीवर व्यवस्था से जुड़े मुद्दे उठाए गए हैं. प्रदर्शनकारियों ने चौक-चौराहों पर रेड लाइट व्यवस्था दुरुस्त करने और उनकी नियमित निगरानी की मांग की है. शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने, पैदल यात्रियों के लिए रास्ते खाली कराने और फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने की मांग रखी गई है. पवन कुमार का कहना है कि सड़कों और सीवर व्यवस्था पर करोड़ों रुपए खर्च होने के बावजूद लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने विभागों के बीच बेहतर तालमेल के साथ समस्याओं के समाधान की मांग की है.

कार्रवाई की मांग

पुलिस कमिश्नर ममता सिंह की तस्वीर वाले बोर्ड के जरिए शहर में नशे और अपराध से जुड़े मुद्दे उठाए गए हैं. पवन कुमार का आरोप है कि कई कॉलोनियों में नशीले पदार्थों की बिक्री हो रही है और पुलिस को इसकी जानकारी होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही. उन्होंने मामा- भांजा चौक से बस स्टैंड तक देह व्यापार से जुड़ी गतिविधियों का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि सड़क किनारे महिलाओं के खड़े रहने से समाज और बच्चों पर गलत असर पड़ता है. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पुलिस के पास कार्रवाई की शक्तियां हैं और इनका प्रभावी इस्तेमाल कर शहर की ऐसी समस्याओं पर रोक लगाई जानी चाहिए.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.