पलवल | हरियाणा पुलिस में हालिया प्रशासनिक बदलाव के बाद 2020 बैच की IPS अधिकारी दीप्ति गर्ग ने पलवल के पुलिस अधीक्षक का पद संभाल लिया है. पुलिस कार्यालय पहुंचने पर DSP मुख्यालय मनोज वर्मा, DSP हथीन रत्नदीप सिंह बाली और DSP ट्रैफिक नरेंद्र खटाना समेत अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया. इसके बाद उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. कार्यभार संभालने के बाद SP दीप्ति गर्ग ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया.
उन्होंने संबंधित शाखाओं में चल रहे कामकाज की जानकारी ली और अधिकारियों से जरूरी विषयों पर चर्चा की. इसके बाद पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले की कानून व्यवस्था और पुलिसिंग से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की.
सुरक्षा पर रहेगा फोकस
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि आम लोगों के साथ व्यवहार में ईमानदारी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता बनाए रखें. शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध तरीके से समाधान करने पर भी जोर दिया. SP दीप्ति गर्ग ने कहा कि पलवल जिले में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा उनकी प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर रहेगी. इसके लिए जागरूकता कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि लोगों में सुरक्षा को लेकर भरोसा मजबूत हो और अपराध की रोकथाम में समाज की भागीदारी बढ़े.
नवनियुक्त एसपी दीप्ति गर्ग एक्शन मोड में, पहली अपराध समीक्षा बैठक लेकर दिए कड़े निर्देश।
अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण ईमानदारी, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ करें-दीप्ति गर्ग,#SP पलवल।
भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं, जीरो टॉलरेंस पर नेक नियति,ईमानदारी से काम करे pic.twitter.com/uFzr5MYFVx
— Palwal Police (@palwalpolice) September 7, 2026
नशे के खिलाफ अभियान
उन्होंने जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए नशे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए. इसके साथ ही युवाओं और आम लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए बड़े स्तर पर अभियान चलाने की बात कही. अपराध और अपराधियों के खिलाफ पुलिस की नीति सख्त रहेगी. कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर तेजी से कार्रवाई की जाएगी. सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई पर जोर दिया जाएगा.
त्वरित समाधान पर जोर
दीप्ति गर्ग ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास मजबूत करना जरूरी है. इसके लिए आम लोगों की शिकायतों को लंबित रखने के बजाय समय पर उनका निपटारा किया जाएगा. उन्होंने पुलिस अधिकारियों से जनता के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम करने को कहा. दीप्ति गर्ग इससे पहले झज्जर में DCP मुख्यालय, डबवाली में SP और सिरसा में ASP के पद पर जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं. अब पलवल SP के रूप में उन्होंने जिले की पुलिस व्यवस्था की कमान संभाली है.
