हरियाणा में 2 सहेलियां 4 बच्चों संग घर से गायब, पतियों ने जताया आपस में शादी का शक; तलाश में जुटी पुलिस

पलवल | हरियाणा में दो बचपन की सहेलियों के अपने- अपने पतियों और बच्चों को छोड़कर एक साथ घर से चले जाने का मामला सामने आया है. पलवल और गुरुग्राम की रहने वाली दोनों महिलाएं अपने चार बच्चों को साथ लेकर लापता हुई हैं. पतियों का आरोप है कि दोनों के बीच करीब डेढ़ साल से नजदीकी संबंध थे और अब उन्होंने आपस में शादी कर ली है. हालांकि, पुलिस जांच में अभी तक इस दावे की पुष्टि नहीं हुई है.

Delhi Police

दोनों महिलाओं के पति का कहना है कि उन्हें उनके साथ रहने से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन वे चाहते हैं कि उनके बच्चे सुरक्षित वापस मिल जाएं. दोनों जिलों की पुलिस महिलाओं और बच्चों की तलाश कर रही है.

2020 में हुई थी शादी

पलवल निवासी सन्नी ने भवन कुंड चौकी में शिकायत देकर बताया कि उसकी शादी 2020 में बल्लभगढ़ की लक्ष्मण कॉलोनी निवासी मंजू (25) से हुई थी. दोनों के दो बच्चे हैं, जिनमें बेटा 4 साल और बेटी 2 साल की है. सन्नी के अनुसार 21 अगस्त को मंजू दोनों बच्चों को लेकर अचानक घर से चली गई. घर की जांच करने पर करीब 4 लाख रुपये के सोने के जेवर भी नहीं मिले. काफी तलाश के बाद जब पत्नी और बच्चों का पता नहीं चला तो पुलिस में शिकायत दी गई.

सन्नी ने पुलिस को बताया कि मंजू पिछले करीब डेढ़ साल से अपनी बचपन की सहेली रीणा से लगातार फोन पर बात करती थी. दोनों के बीच कई-कई घंटे बातचीत होती थी. रीणा भी बल्लभगढ़ की लक्ष्मण कॉलोनी की रहने वाली है. उसकी शादी 2020 में गुरुग्राम के पटौदी क्षेत्र के मुमताजपुर गांव निवासी वेदपाल से हुई थी. रीणा के भी दो बच्चे हैं.

माई लव जैसे शब्द

मंजू के लापता होने के बाद जब सन्नी ने रीणा के बारे में जानकारी जुटाई तो पता चला कि वह भी अपने दोनों बच्चों के साथ घर से गायब है. रीणा के पति वेदपाल का आरोप है कि वह करीब 5 लाख रुपये के सोने के जेवर और कुछ कैश भी साथ ले गई है. उसके बच्चों में बेटा करीब डेढ़ साल और बेटी करीब 4 साल की है. मंजू और रीणा 12वीं कक्षा तक साथ पढ़ी हैं. दोनों परिवारों के बीच भी सामान्य संबंध रहे हैं, इसलिए उनकी दोस्ती को लेकर कभी शक नहीं हुआ. दोनों की लगातार फोन पर बातचीत को भी वह पुरानी दोस्ती का हिस्सा मानता था.

यह भी पढ़े -  पलवल की नई SP बनीं दीप्ति गर्ग, कार्यभार संभालते ही एक्शन मोड में आईं

दोनों के एक साथ घर से जाने के बाद सन्नी ने कॉल रिकॉर्ड और चैट की जानकारी जुटाई. उसका दावा है कि बातचीत में दोनों एक-दूसरे के लिए ‘माई वाइफ’, ‘माई लव’ और ‘बाबू’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल करती थीं.

पुलिस कर रही तलाश

सन्नी के मुताबिक 5 जून को मंजू ने रीणा को जन्मदिन की बधाई देते हुए प्यार भरा संदेश भी भेजा था. इसी आधार पर पतियों ने दोनों के बीच प्रेम संबंध होने और आपस में शादी करने की आशंका जताई है. पलवल भवनकुंड चौकी प्रभारी संजय ने बताया कि सन्नी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस महिलाओं की लोकेशन और उपलब्ध अन्य जानकारी के आधार पर उनकी तलाश कर रही है.

गुरुग्राम के पटौदी चौकी पुलिस के अनुसार वेदपाल की शिकायत पर भी महिला के लापता होने का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस की टीम उसकी तलाश में जुटी है. पुलिस का कहना है कि दोनों महिलाओं के मिलने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और यह पता चलेगा कि वे बच्चों के साथ कहां गई हैं.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.