हरियाणा में डिजिटल पढ़ाई को मिलेगी रफ्तार, 5 लाख टैबलेट और डाटा सिम की खरीद को हरी झंडी

चंडीगढ़ | हरियाणा में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 10वीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को 5 लाख टैबलेट दिए जाएंगे. विद्यार्थियों को टैबलेट के साथ इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने 5 लाख डाटा सिम खरीदने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है. CM नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में सोमवार को हुई हाई पावर्ड परचेज कमेटी की बैठक में इन खरीद प्रस्तावों को हरी झंडी दी गई. बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े 90 करोड़ रुपये से अधिक के खरीद और सेवा कार्यों को मंजूरी दी गई.

Tablet

टैबलेट और डाटा सिम की खरीद को मंजूरी ऐसे समय दी गई है, जब शैक्षणिक सत्र का एक बड़ा हिस्सा बीत चुका है. डिजिटल शिक्षा के लिए टैबलेट उपलब्ध कराने की प्रक्रिया टेंडर में अटकी हुई थी. अब खरीद को मंजूरी मिलने के बाद विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलने का रास्ता साफ हुआ है.

यह भी पढ़े -  विरोध के बीच जस्टिस अश्वनी कुमार मिश्रा ने ली शपथ, बने हाईकोर्ट के 37वें चीफ जस्टिस

59 नई एंबुलेंस की खरीद

बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 59 नई एंबुलेंस की खरीद और संचालन के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई. इनमें दक्षिण क्षेत्र के लिए 33 और उत्तर क्षेत्र के लिए 26 एंबुलेंस शामिल हैं. इन एंबुलेंस के एक साल तक संचालन, वार्षिक मरम्मत, रखरखाव और जरूरी सामान की व्यवस्था के लिए 11.90 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं. विद्युत निगम के लिए 220 वोल्ट की नलिकाकार सीसा-अम्ल बैटरियां खरीदने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली. इनमें 100, 120 और 200 एम्पियर-घंटा क्षमता समेत पांच प्रकार की बैटरियां शामिल हैं. इनका इस्तेमाल बिजली आपूर्ति से जुड़े तंत्र में किया जाएगा.

ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा, कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, आरती सिंह राव और मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता समेत संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.