पंचकूला | जिले की मंडियों में खरीफ सीजन की फसल खरीद को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं. पंचकूला, बरवाला और रायपुररानी मंडियों में 1 अक्टूबर से धान एवं अन्य खाद्यान्नों की खरीद शुरू होगी. किसानों से फसल खरीदने की जिम्मेदारी राज्य की खरीद एजेंसियों हैफेड और हरियाणा वेयरहाउसिंग काॅरपोरेशन को दी गई है. सरकार ने इस बार धान के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) भी तय कर दिया है.
ग्रेड- ए धान की खरीद 2,461 रुपये प्रति क्विंटल के एमएसपी पर होगी, जबकि काॅमन धान के लिए 2,441 रुपये प्रति क्विंटल एमएसपी निर्धारित किया गया है. ऐसे में मंडियों में पहुंचने वाले किसानों को तय समर्थन मूल्य के अनुसार फसल बेचने की सुविधा मिलेगी.
सुविधाओं की जांच के निर्देश
धान खरीद की तैयारियों को लेकर मंगलवार को अधिकारियों की बैठक हुई. इसमें उपायुक्त ने मार्केट कमेटियों के सचिवों और संबंधित अधिकारियों को मंडियों में जरूरी इंतजाम समय रहते पूरे करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि किसानों को फसल बेचने के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए. मंडियों में पेयजल, शौचालय, एमएसपी की जानकारी वाले बोर्ड, बायोमेट्रिक कांटा और तौल व्यवस्था समेत अन्य मूलभूत सुविधाएं पर्याप्त रूप से उपलब्ध कराने को कहा गया है. अधिकारियों को यह भी तय करने के निर्देश दिए गए कि खरीद शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाओं की जांच पूरी हो जाए.
फसल उठान में नहीं आएगी परेशानी
बैठक में ट्रांसपोर्टरों को भी जरूरी औपचारिकताएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए. इसका उद्देश्य खरीद के बाद मंडियों से फसल का उठान सुचारू रखना है, ताकि अनाज के जमा होने से किसानों को किसी तरह की दिक्कत न हो. बैठक में एसडीएम पंचकूला मन्नत राणा, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक जतिन मित्तल, मार्केट कमेटी बरवाला के चेयरमैन देशराज पोसवाल समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
