गन्ने के भाव को लेकर हरियाणा में किसानों का ऐलान, 22 सितंबर को होगी पंचायत

पलवल | गन्ने के भाव और फसल नुकसान के मुआवजे को लेकर पलवल के किसानों ने आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है. संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक में गन्ने का भाव बढ़ाकर 600 रुपए प्रति क्विंटल करने समेत कई मांगों पर सहमति बनी. इन मुद्दों को लेकर 22 सितंबर को पलवल शुगर मिल परिसर में किसान पंचायत आयोजित की जाएगी.

kisan 3

जाट धर्मशाला में किसान नेता अतर सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में किसानों ने कहा कि खेती पर लगातार खर्च बढ़ रहा है, जबकि चीनी के बाजार भाव में भी बढ़ोतरी हुई है. ऐसे में गन्ने का भाव कम से कम 600 रुपए प्रति क्विंटल किया जाना चाहिए. बैठक का संचालन मास्टर महेंद्र सिंह चौहान ने किया.

फसल का मुआवजा

उदय सिंह और रूप राम तेवतिया ने बताया कि क्षेत्र के कई गांवों में जलभराव के कारण कपास, ज्वार, बाजरा और धान की फसलें बर्बाद हो गई हैं. किसानों ने 2025 के नुकसान का मुद्दा भी उठाया. उनके अनुसार पिछले साल जलभराव से लाखों एकड़ खरीफ फसल प्रभावित हुई थी, लेकिन ज्यादातर किसानों को अभी तक मुआवजा नहीं मिला है. किसान नेताओं ने प्रशासन से शुगर मिल को 25 अक्टूबर तक हर हाल में शुरू कराने की मांग रखी.

यह भी पढ़े -  धान की फसल लेकर मंडी जाने से पहले पढ़ लें ये खबर, हरियाणा सरकार ने शुरू की तैयारी

मोर्चा ने हरियाणा सरकार और जिला प्रशासन से 2025 का लंबित मुआवजा जल्द जारी करने की मांग की. 2026 में खराब हुई फसलों की स्पेशल गिरदावरी कराकर प्रभावित किसानों को 50 हजार रुपए प्रति एकड़ मुआवजा देने की मांग रखी गई.

फैसले का स्वागत

बैठक में 6 सितंबर को मिंडकोला गांव में दहेज प्रथा और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ हुई पंचायत के फैसलों का भी स्वागत किया गया. इस दौरान ताराचंद, रघुवीर सिंह, करण सिंह आर्य, रमेश चंद सौरोत, राजकुमार ओलियान, किशन चन्द शर्मा, ठाकुर लाल आर्य और नवल सिंह रावत सहित कई किसान नेता मौजूद रहे. हर साल मिल संचालन को लेकर किसानों को आंदोलन करना पड़ता है लेकिन इस बार पहले से तैयारी कर मिल समय पर चालू किया जाना चाहिए.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.