सिरसा | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार (12 सितंबर) को सिरसा दौरे पर हैं. इस दौरान वे बरनाला रोड स्थित पंचायत भवन में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करेंगे. ग्रीवेंस मीटिंग में कुल 15 शिकायतें सुनवाई के लिए रखी जाएंगी. इनमें 14 नई शिकायतें हैं, जबकि एक मामला पहले से लंबित है. मुख्यमंत्री के पहुंचने से पहले ही कुछ शिकायतों को लेकर संबंधित पक्षों के बीच सहमति बनने की जानकारी सामने आई है.
बैठक को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को अपने विभाग से जुड़ी शिकायतों का पूरा रिकॉर्ड और जरूरी दस्तावेज लेकर सुबह 9:30 बजे पंचायत भवन पहुंचने के निर्देश दिए गए थे. शिकायतकर्ताओं को भी बैठक में मौजूद रहने के लिए बुलाया गया.
650 पुलिसकर्मियों की तैनाती
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. रात से ही पुलिस बल सिरसा पहुंच गया और शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर तैनाती कर दी गई. कार्यक्रम स्थल और बरनाला रोड पर विशेष निगरानी रखी जा रही है. सीएम के हवाई मार्ग से पहुंचने की संभावना को देखते हुए रूट चार्ट भी तैयार किया गया है.
मुख्यमंत्री श्री @NayabSainiBJP की अध्यक्षता में कल जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति सिरसा की बैठक आयोजित होगी।
इस बैठक में 1 लंबित व 14 नई शिकायतों सहित कुल 15 शिकायतें रखी जाएंगी।
प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने विभागों से…
— DPR Haryana (@DiprHaryana) September 11, 2026
एसपी के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था में करीब 650 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी लगाए गए हैं. संवेदनशील स्थानों और प्रमुख मार्गों पर भी निगरानी बढ़ाई गई है. उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा में किसी भी स्तर की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी.
ड्रोन उड़ाने पर रोक
सिरसा नगर परिषद क्षेत्र में पांच किलोमीटर के दायरे में ड्रोन, ग्लाइडर, रिमोट कंट्रोल विमान, फ्लाइंग कैमरा, हेलीकैम समेत किसी भी प्रकार के यूएवी के संचालन पर धारा 163 के तहत प्रतिबंध लगाया गया है. वीआईपी रूट और कार्यक्रम स्थल के दोनों ओर 75 मीटर के दायरे में वाहनों की पार्किंग भी प्रतिबंधित रहेगी. इस बीच स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में सड़क, गली, पेयजल और सीवरेज से जुड़ी समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं. ऐसे में बैठक के दौरान आम लोगों से जुड़े स्थानीय मुद्दों पर भी सुनवाई होती है या नहीं, इस पर नजर रहेगी.
