महेंद्रगढ़ से खुलेगा सौगातों का पिटारा, लाडो लक्ष्मी योजना समेत इन मुद्दों पर CM सैनी करेंगे ऐलान

महेंद्रगढ़ | दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की आय सीमा में विस्तार से लेकर वीर गाथा और सैन्य सम्मान से जुड़े ऐलान तक महेंद्रगढ़ में रविवार को होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम पर नजर रहेगी. भगवान विश्वकर्मा जयंती पर खेल स्टेडियम में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शामिल होंगे. इसके बाद, मुख्यमंत्री कैंची चौक पर महाराजा शूर सैनी की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे. कार्यक्रम से पहले प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है.

CM Nayab Singh Saini

राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा और विधायक कंवर सिंह यादव ने कार्यक्रम स्थल पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. इस दौरान उपायुक्त अनुपमा अंजली और पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार भी मौजूद रहे.

अलग- अलग जोन में बैठेंगे लोग

विधायक कंवर सिंह यादव ने बताया कि भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए पंडाल को अलग-अलग हिस्सों में बांटा गया है. वीआईपी, मीडिया, आमजन और महिलाओं के बैठने के लिए अलग जोन रहेंगे. गर्मी को देखते हुए प्रत्येक जोन में पीने के पानी के साथ कूलर और पंखों की व्यवस्था की गई है. CM कार्यक्रम के दौरान दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की आय सीमा का विस्तार कर सकते हैं. ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम में वीर गाथा और सैन्य सम्मान से जुड़े ऐलान भी किए जाएंगे.

कॉलेज में खड़े होंगे वाहन

उपायुक्त अनुपमा अंजली ने अधिकारियों से साफ कहा है कि समारोह में पहुंचने वाले लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशानी नहीं होनी चाहिए. इसके लिए पर्याप्त पीने के पानी और शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है. कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं. समारोह में आने वाले लोगों के वाहनों के लिए राजकीय महिला कॉलेज में पार्किंग बनाई गई है, जिससे खेल स्टेडियम के आसपास यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.