चंडीगढ़ | हरियाणा के सरकारी स्कूल अब अपने स्तर पर खेल उपकरण खरीदने के साथ खेल मैदानों को भी बेहतर बना सकेंगे. इसके लिए प्रत्येक पात्र स्कूल को 1- 1 लाख रुपए दिए जाएंगे. राज्य सरकार ने विद्यार्थियों के खेल कौशल और स्कूलों में स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए कुल 33.96 करोड़ रुपए के बजट को प्रशासनिक मंजूरी दी है. शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव (IAS) विजय सिंह दहिया की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं.
हरियाणा के राज्यपाल की स्वीकृति के बाद सेकेंडरी शिक्षा निदेशालय को बजट खर्च करने की अनुमति मिल गई है. पूरी राशि का इस्तेमाल 31 मार्च 2027 तक करना होगा.
आरोही स्कूलों के लिए राशि संबंधित जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) के माध्यम से जारी होगी.
मैदान का विकास
स्कूलों को मिलने वाले 1 लाख रुपए में कौन से खेल उपकरण खरीदे जा सकेंगे और मैदान के विकास पर राशि किस तरह खर्च होगी, इसे लेकर अलग से एसओपी जारी की जाएगी. स्कूल स्वीकृत बजट से ज्यादा राशि खर्च नहीं कर सकेंगे. खर्च सक्षम प्राधिकारी की पूर्व अनुमति और निर्धारित नियमों के अनुसार ही होगा. योजना का वार्षिक प्लान में शामिल होना भी जरूरी रहेगा. शिक्षा विभाग ने ऑनलाइन स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर पोर्टल भी शुरू किया है. स्कूलों को अपने मैदान, उपलब्ध खेल उपकरण और जरूरतों की जानकारी इस पोर्टल पर दर्ज करनी होगी.
रूट मैप तैयार
इसके साथ कॉमन स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर शेयरिंग के तहत पंचायत, शहरी निकाय और स्पोर्ट्स अथॉरिटी के स्टेडियमों को स्कूलों के साथ सांझा करने की योजना तैयार की जा रही है. टैलेंट पाथवे फ्रेमवर्क के जरिए स्कूल और पंचायत स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें जिला और राज्य स्तरीय अकादमियों तक पहुंचाने के लिए व्यवस्थित रूट मैप भी तैयार किया गया है.
