रेवाड़ी को मिला 3 नई सुपरफास्ट ट्रेनों का तोहफा, गुजरात के धार्मिक स्थलों तक कर सकेंगे सीधी यात्रा

रेवाड़ी | त्योहारी सीजन में हरियाणा से गुजरात और उत्तराखंड की यात्रा करने वाले रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है. रेल मंत्रालय ने तीन रेल सेवाओं से जुड़े महत्वपूर्ण बदलावों को मंजूरी दी है. इसके तहत बांद्रा टर्मिनस-दिल्ली सराय रोहिल्ला गरीब रथ एक्सप्रेस का विस्तार हरिद्वार तक किया जाएगा. इसके अलावा हरिद्वार से गुजरात के वेरावल और ओखा के लिए दो नई एसी ट्रेनें भी चलाई जाएंगी.

Indian Railways Train 1

इन सेवाओं से रेवाड़ी और दिल्ली-एनसीआर के यात्रियों को हरिद्वार, सोमनाथ और द्वारका की यात्रा के लिए सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी. रेलवे इन बदलावों को एडवांस रिजर्वेशन पीरियड के अनुसार लागू करेगा.

गरीब रथ अब हरिद्वार तक जाएगी

ट्रेन नंबर 12216/12215 बांद्रा टर्मिनस-दिल्ली सराय रोहिल्ला गरीब रथ एक्सप्रेस का विस्तार हरिद्वार तक मंजूर किया गया है. विस्तारित रूट पर ट्रेन दिल्ली, गाजियाबाद, मेरठ सिटी, मुजफ्फरनगर और रुड़की में ठहरेगी. हरिद्वार से यह ट्रेन सोमवार, मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को चलेगी, जबकि बांद्रा टर्मिनस से मंगलवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को रवाना होगी.

बांद्रा से दोपहर 12 बजे रवाना होने वाली ट्रेन रात 10:28 बजे पालनपुर जंक्शन, अगले दिन सुबह 9:23 बजे रेवाड़ी और 11:25 बजे दिल्ली पहुंचेगी. वापसी में हरिद्वार से सुबह 4 बजे चलकर ट्रेन सुबह 8:45 बजे दिल्ली, 10:40 बजे रेवाड़ी और अगले दिन सुबह 7:35 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी.

सोमनाथ और द्वारका के लिए मिलेंगी नई ट्रेनें

नई हरिद्वार-वेरावल एक्सप्रेस (14326/14325) हरिद्वार से बुधवार और रविवार को चलेगी. वेरावल से इसकी वापसी सेवा गुरुवार और सोमवार को होगी. वेरावल को सोमनाथ ज्योतिर्लिंग मंदिर की यात्रा के लिए प्रमुख रेलवे स्टेशन माना जाता है. दूसरी नई ट्रेन हरिद्वार-ओखा एक्सप्रेस (14328/14327) साप्ताहिक होगी. यह हरिद्वार से शुक्रवार और ओखा से शनिवार को रवाना होगी. इसके रास्ते में द्वारका स्टेशन भी आएगा.

यह भी पढ़े -  Asian Games 2026 में हरियाणा के सुरुचि- कमलजीत का शानदार प्रदर्शन, CM सैनी ने दी बधाई

देखें टाइमिंग

ट्रेन हरिद्वार से प्रस्थान गंतव्य पर आगमन वापसी में प्रस्थान
हरिद्वार-वेरावल (14326/25) बुधवार, रविवार सुबह 4 बजे अगले दिन सुबह 8:15 बजे गुरुवार, सोमवार सुबह 11:05 बजे
हरिद्वार-ओखा (14328/27) शुक्रवार सुबह 4 बजे अगले दिन सुबह 8:15 बजे शनिवार सुबह 10:20 बजे

दोनों ट्रेनों का हरिद्वार से चलते समय दिल्ली पहुंचने का समय सुबह 8:45 बजे और रेवाड़ी पहुंचने का समय सुबह 10:40 बजे निर्धारित बताया गया है. वापसी में ये ट्रेनें सुबह 9:23 बजे रेवाड़ी, 11:25 बजे दिल्ली और शाम 6 बजे हरिद्वार पहुंचेंगी.

रेवाड़ी सहित इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

दोनों नई ट्रेनों का रूट हरिद्वार से रुड़की, मुजफ्फरनगर, मेरठ सिटी, गाजियाबाद, दिल्ली, रेवाड़ी, खैरथल, अलवर, जयपुर, किशनगढ़, अजमेर, फालना, पिंडवाड़ा, आबू रोड, पालनपुर, महेसाणा, विरमगाम, सुरेंद्रनगर, वांकानेर और राजकोट तक समान रहेगा. इसके बाद वेरावल जाने वाली ट्रेन गोंडल, जेतलसर और जूनागढ़ में ठहरते हुए केशोद के पास से गुजरेगी. वहीं, ओखा जाने वाली ट्रेन हापा, जामनगर, खंभालिया और द्वारका में ठहराव करेगी. रेल मंत्रालय ने इन तीनों बदलावों को मंजूरी दे दी है. जरूरत पड़ने पर शुरुआती फेरे स्पेशल ट्रेन के रूप में भी चलाए जा सकते हैं.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.