चंडीगढ़ | हरियाणा के सरकारी प्राइमरी स्कूलों में बच्चों को पढ़ाने का तरीका बदलने की तैयारी है. अब शिक्षक किताबों और ब्लैकबोर्ड के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद भी ले सकेंगे. राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) ने शिक्षकों को AI आधारित शिक्षण तकनीक सिखाने के लिए ऑनलाइन प्रशिक्षण की योजना तैयार की है. किसी बच्चे को चित्रों से विषय जल्दी समझ आता है तो किसी को कहानी या अतिरिक्त अभ्यास की जरूरत होती है.
AI आधारित प्रशिक्षण के बाद शिक्षक बच्चों की सीखने की क्षमता के अनुसार अलग-अलग वर्कशीट, लेसन प्लान, कहानियां, फ्लैश कार्ड और अभ्यास सामग्री तैयार कर सकेंगे.
10 अक्टूबर लास्ट डेट
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी विनय जिंदल के मुताबिक, प्रशिक्षण के लिए पंजीकरण 25 सितंबर से शुरू हो चुका है और 10 अक्टूबर तक चलेगा. इसके बाद ऑनलाइन प्रशिक्षण की प्रक्रिया 30 अक्टूबर तक पूरी कराई जाएगी. प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को छोटे बच्चों के साथ AI के सुरक्षित और जिम्मेदार इस्तेमाल की जानकारी भी दी जाएगी. इसमें बच्चों की निजता, डिजिटल सुरक्षा, AI से मिलने वाली जानकारी की जांच और तकनीक के नैतिक इस्तेमाल जैसे विषय शामिल होंगे.
मिलेगी तकनीकी सहायता
प्रशिक्षण को पूरा कराने के लिए प्रत्येक जिले की डाइट (DIET) और खंड स्तर के AI समन्वयकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है. ये समन्वयक शिक्षकों को पंजीकरण से लेकर प्रशिक्षण पूरा करने और प्रमाणपत्र प्राप्त करने तक तकनीकी सहायता देंगे. सेवानिवृत्त IAS, AI एक्सपर्ट एवं मनोवैज्ञानिक डॉ. दलीप सिंह के अनुसार, शिक्षा में AI उपयोगी साबित हो सकता है, लेकिन इसके सही इस्तेमाल की समझ जरूरी है. उन्होंने शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी और प्रशिक्षण से मिली जानकारी को बच्चों की पढ़ाई में लागू करने पर जोर दिया.
