करनाल | हरियाणा में धान की खरीद शुरू होने के बीच करनाल की नई अनाज मंडी में देर रात अचानक कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा पहुंच गए. रात करीब 11 बजे हुए इस निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंडी में खरीद से लेकर किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं तक की जानकारी ली. मंत्री के देर रात पहुंचने के बाद मंडी के अधिकारियों में भी हलचल देखने को मिली. निरीक्षण के दौरान मंडी सचिव विकास सैनी के साथ अन्य अधिकारी और आढ़ती संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे. कृषि मंत्री ने सभी से मौजूदा खरीद व्यवस्था के बारे में जानकारी ली.
धान खरीद में इस बार सबसे अहम बदलाव किसानों के गेट पास को लेकर किया गया है. कृषि मंत्री के मुताबिक, किसान अब घर बैठे गेट पास नहीं बनवा सकेगा. फसल लेकर मंडी में प्रवेश करने के बाद ही उसका गेट पास जारी किया जाएगा.
कटेगा गेट पास
राणा ने इस बदलाव को पिछली बार जैसी गड़बड़ी रोकने के लिए उठाया गया कदम बताया है. नई व्यवस्था का उद्देश्य मंडी में वास्तव में पहुंचने वाले किसान और उसकी फसल का रिकॉर्ड करना है. इससे पहले भी कृषि मंत्री ने बताया था कि प्रदेश की मंडियों में खरीद प्रक्रिया के लिए जियो फेंसिंग की व्यवस्था लागू की गई है. औचक निरीक्षण के दौरान कृषि मंत्री ने अधिकारियों से पूछा कि मंडी पहुंचने वाले किसानों के लिए क्या व्यवस्थाएं की गई हैं. उन्होंने खरीद प्रक्रिया को सुचारू रखने और फसल बेचने आने वाले किसानों को परेशानी न होने देने के निर्देश दिए.
कटाई की रफ्तार बढ़ने की उम्मीद
खरीद सीजन से पहले हुई समीक्षा में भी मंडियों में बारदाना, तौल कांटे, नमी जांचने वाले उपकरण, पेयजल, बिजली, सफाई, पार्किंग और फसल के उठान जैसी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए थे. कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि बारिश के चलते फिलहाल धान की कटाई प्रभावित हुई है. मौसम साफ होने के बाद खेतों में कटाई की रफ्तार बढ़ने की उम्मीद है.
उन्होंने अधिकारियों को मंडी में खरीद व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए हैं. ऐसे में आने वाले दिनों में कटाई तेज होने के साथ मंडियों में धान की आवक बढ़ने पर नई गेट पास व्यवस्था की भूमिका अहम रहेगी.
