झज्जर | हरियाणा की मंडियों में धान की आवक रफ्तार पकड़ने लगी है। इस बार सीजन की शुरुआत से ही भाव में तेजी बनी हुई है। पिछले साल के मुकाबले किसानों को इस बार 1 हजार से 1300 रुपए प्रति क्विंटल तक ज्यादा भाव मिल रहा है जिसकी खुशी किसानों के चेहरों पर बनी हुई है।

1718 की आवक शुरू
1509 धान किस्म की बात करें तो किसानों को 4,000 से साढ़े 4 हजार रुपए प्रति क्विंटल तक भाव मिल रहा है जबकि पिछले साल यह भाव 2,800 से 3,200 रुपए प्रति क्विंटल तक रहा था। वहीं, अब मंडियों में 1718 और 1121 धान की आवक भी शुरू हो चुकी है।
झज्जर जिले की बेरी अनाज मंडी की बात करें तो यहां 1718 धान किस्म की पहली ढेरी लेकर पहुंचे किसान को 4,601 रुपया प्रति क्विंटल का भाव मिला है। यानि पिछले साल के मुकाबले भाव में अच्छी-खासी तेजी देखने को मिल रही है। किसानों का कहना है कि इस बार औसतन बारिश कम हुई है जिससे उत्पादन प्रभावित हुआ है लेकिन अब भाव में तेजी इस नुकसान की भरपाई करने में मदद करेगा।
किसानों को नहीं होगी परेशानी
मार्केट कमेटी चेयरमैन ने बताया कि धान की फसल लेकर मंडी में आने वाले किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। किसानों की उपज का एक-एक दाना खरीदा जाएगा। उन्होंने बताया कि किसानों के लिए मंडी में बिजली-पानी, पीने का साफ पानी, साफ-सुथरे शौचालय, पक्की सड़कें, अटल कैंटीन में 10 रुपए में भरपेट भोजन जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है।