दिल्ली से हरियाणा के इस शहर तक मेट्रो से पहुंचना होगा आसान, 28 नए स्टेशन भी प्रस्तावित; यहां मिलेगा फायदा

पलवल | हरियाणा में रोजाना हजारों लोग नौकरी, पढ़ाई और कारोबार के लिए एक शहर से दूसरे शहर का सफर करते हैं। खासकर दिल्ली-एनसीआर से जुड़े इलाकों में सड़कों पर वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण लोगों को अक्सर जाम से जूझना पड़ता है। ऐसे में मेट्रो का विस्तार होने से लोगों का सफर पहले से आसान हो सकता है। अब हरियाणा सरकार ने बल्लभगढ़ से पलवल तक मेट्रो पहुंचाने की योजना को आगे बढ़ाने के लिए अहम कदम उठाया है।

Metro Vistar In Haryana

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बल्लभगढ़-पलवल मेट्रो विस्तार परियोजना की अंतिम व्यवहार्यता रिपोर्ट को मंजूरी दे दी है। इसके बाद परियोजना की विस्तृत रिपोर्ट केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय को भेजी गई है। हालांकि, अभी परियोजना को अंतिम मंजूरी मिलने और निर्माण कार्य शुरू होने की प्रक्रिया बाकी है।

मेट्रो चलाने की तैयारी

चंडीगढ़ में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (HMRTC) की 66वीं बोर्ड बैठक हुई। इस दौरान प्रदेश में प्रस्तावित मेट्रो और नमो भारत परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि बल्लभगढ़-पलवल मेट्रो परियोजना की रिपोर्ट को राज्य स्तर पर मंजूरी मिल चुकी है। अब केंद्र सरकार के स्तर पर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस परियोजना के पूरा होने से भविष्य में बल्लभगढ़ और पलवल के बीच सफर करने वाले यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन का नया विकल्प मिल सकेगा।

बनेगा 136 KM लंबा कॉरिडोर

इसी बीच दिल्ली-पानीपत-करनाल नमो भारत कॉरिडोर को लेकर भी बैठक में जानकारी दी गई। इस परियोजना की प्रस्तावित लंबाई 136.30 किलोमीटर है और इस पर करीब 33,051.15 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इस कॉरिडोर में 17 स्टेशन प्रस्तावित हैं। इसके अलावा भविष्य में चार अतिरिक्त स्टेशन बनाने की व्यवस्था भी रखी गई है।

वहीं, गुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएडा-ग्रेटर नोएडा नमो भारत कॉरिडोर की योजना पर भी काम चल रहा है। गुरुग्राम और फरीदाबाद क्षेत्र में इसके रूट और स्टेशनों को राज्य स्तर पर अंतिम रूप दिया जा चुका है। परियोजना की विस्तृत रिपोर्ट संबंधित विभागों और विकास प्राधिकरणों को सुझाव देने के लिए भेजी गई है।

गुरुग्राम में बनेंगे 28 नए मेट्रो स्टेशन

गुरुग्राम के सेक्टर-56 से पचगांव तक नया एलिवेटेड मेट्रो कॉरिडोर बनाने की भी योजना है। इसकी लंबाई 35.25 किलोमीटर होगी और इस पर 28 स्टेशन प्रस्तावित हैं। बता दे कि यह परियोजना मंजूरी के अंतिम चरण में है। योजना के अनुसार, पचगांव में इस मेट्रो लाइन को नमो भारत नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। वहीं, गुरुग्राम रैपिड मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों की संख्या में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। HMRTC के प्रबंध निदेशक अजय कुमार के अनुसार, अप्रैल से अगस्त 2026 के बीच 88.81 लाख यात्रियों ने रैपिड मेट्रो से यात्रा की।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.