रेवाड़ी | दिवाली और दूसरे त्योहारों पर घर जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने लगती है। ऐसे में ट्रेनों में कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो जाता है। खासकर स्लीपर और जनरल कोच में यात्रियों की भीड़ ज्यादा रहती है। इसी परेशानी को देखते हुए रेलवे ने कुछ ट्रेनों में अतिरिक्त डिब्बे लगाने का फैसला किया है।

उत्तर पश्चिम रेलवे ने त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पांच जोड़ी ट्रेनों में अस्थायी रूप से अतिरिक्त कोच लगाने की घोषणा की है। रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, इससे यात्रियों को अतिरिक्त सीटों और बर्थ की सुविधा मिल सकेगी।
अजमेर-अमृतसर ट्रेन
ट्रेन संख्या 19611/19614 अजमेर-अमृतसर-अजमेर में अजमेर से 17 से 31 अक्टूबर तक और अमृतसर से 18 अक्टूबर से 1 नवंबर तक एक अतिरिक्त स्लीपर कोच लगाया जाएगा। वहीं, ट्रेन संख्या 19613/19612 में भी इन्हीं तारीखों पर एक-एक स्लीपर कोच की अस्थायी बढ़ोतरी होगी।
अजमेर-बांद्रा ट्रेन
ट्रेन संख्या 19625/19626 अजमेर-बांद्रा टर्मिनस-अजमेर में एक अतिरिक्त स्लीपर कोच लगाया जाएगा। यह सुविधा अजमेर से 18 अक्टूबर और बांद्रा टर्मिनस से 19 अक्टूबर को केवल एक-एक फेरे के लिए उपलब्ध होगी।
जोधपुर-इंदौर ट्रेन
इसी बीच ट्रेन संख्या 14801/14802 जोधपुर-इंदौर-जोधपुर में दो स्लीपर और तीन जनरल कोच बढ़ाए जाएंगे। जोधपुर से यह व्यवस्था 16 से 31 अक्टूबर तक और इंदौर से 3 नवंबर तक लागू रहेगी।
अजमेर-जम्मूतवी ट्रेन
रेलवे ने लिंक रैक में देरी के कारण ट्रेन संख्या 12413 अजमेर-जम्मूतवी के प्रस्थान समय में बदलाव की जानकारी भी दी है। इसके अनुसार, 13 अक्टूबर को दोपहर 2:10 बजे रवाना होने वाली ट्रेन को 13 घंटे देरी से 14 अक्टूबर की सुबह 3:10 बजे के लिए पुनर्निर्धारित किया गया था।