झज्जर | हरियाणा में पशुपालन कई किसानों के लिए कमाई के साथ-साथ गर्व और पहचान का भी जरिया है। झज्जर जिले के एक किसान का नंदी इन दिनों अपनी कद-काठी और कीमत को लेकर चर्चा में है। इसे खरीदने के लिए लोग लाखों से लेकर करोड़ रुपये तक देने को तैयार हैं, लेकिन मालिक इसे बेचने के लिए राजी नहीं हैं। बता दें कि झज्जर के किसान मामन सिंह के 5 वर्षीय हरियाणा नस्ल के नंदी ‘गौरव’ की ऊंचाई करीब छह फुट है।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, इसे खरीदने के लिए अब तक 11 लाख रुपये से लेकर एक करोड़ रुपये तक की बोलियां लग चुकी हैं। इसके बावजूद मामन सिंह ने गौरव को बेचने से साफ इनकार कर दिया है।
प्रतियोगिताओं में जीत
मामन सिंह के मुताबिक, गौरव अपनी कद-काठी के साथ पशु प्रतियोगिताओं में प्रदर्शन के लिए भी खास है। वह अब तक पांच बार विजेता बन चुका है। किसान बताते हैं कि गौरव की बनावट में उसकी मां के गुणों और बेहतर देखभाल की अहम भूमिका है। उसकी मां प्रतिदिन करीब 22 लीटर दूध देती थी। गौरव के खानपान पर भी खास ध्यान दिया जाता है। सामान्य चारे के अलावा उसे घी, बादाम, हलवा और चने दिए जाते हैं। उसकी देखभाल और भोजन पर रोजाना करीब 1,200 से 1,500 रुपये खर्च होते हैं।
ढाई लाख रुपये की बोली
गौरव की दो महीने की बेटी ‘सुरभि’ भी पशुपालकों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। उसकी कम उम्र में ही कीमत ढाई लाख रुपये तक लग चुकी है। मामन सिंह और उनके परिवार के लिए गौरव और सुरभि केवल कमाई का जरिया नहीं हैं। वे उन्हें परिवार का हिस्सा मानते हैं।