पंचकूला में चाय पर मिले कुलदीप शर्मा और CM सैनी, हुड्डा से मतभेद के बीच मुलाकात ने बढ़ाई हलचल

पंचकुला | राजनीति में नेताओं के बीच मुलाकात और बातचीत की तस्वीरें कई बार बड़े बयानों से ज्यादा चर्चा में आ जाती हैं। हरियाणा के पंचकूला में सोमवार को आयोजित जनप्रतिनिधि सम्मेलन में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला, जब अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं की अनौपचारिक मुलाकातें सुर्खियों में छा गईं। बता दें कि सम्मेलन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ चाय पीते और सहज बातचीत करते नजर आए। दोनों की इस आत्मीय मुलाकात ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया।

Politics in Panchkula

कुलदीप शर्मा इन दिनों कांग्रेस के भीतर अपने बयानों और राजनीतिक रुख को लेकर चर्चा में हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ उनके मतभेद भी सामने आ चुके हैं। उनके समधी विनोद शर्मा और समधन शक्ति रानी शर्मा भाजपा की राजनीति में सक्रिय हैं। विनोद शर्मा के बेटे कार्तिकेय शर्मा राज्यसभा सांसद हैं।

तेवर चर्चा का विषय

कुलदीप शर्मा अपने बेटे चाणक्य पंडित के लिए करनाल लोकसभा सीट से कांग्रेस टिकट मांग रहे थे, लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिला। इसके बाद से उनके तेवर चर्चा का विषय बने हुए हैं। सम्मेलन में एक और तस्वीर ने सबका ध्यान खींचा। व्हीलचेयर पर बैठे पूर्व शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा का हाल जानने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला पहुंचे। रामबिलास शर्मा ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इसी दौरान भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी वहां पहुंच गए। ओम बिरला ने रामबिलास का एक हाथ और हुड्डा ने दूसरा हाथ थाम रखा था।

अभय चौटाला नहीं आए नजर

हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण के निर्देशन में आयोजित इस सम्मेलन में 1966 में प्रदेश गठन के बाद से अब तक के पूर्व और वर्तमान जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इसका उद्देश्य पुराने नेताओं के अनुभव नई पीढ़ी तक पहुंचाना था। इनेलो प्रमुख अभय सिंह चौटाला सम्मेलन में शामिल नहीं हुए, जबकि उनके बेटे अर्जुन चौटाला और पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला कार्यक्रम में मौजूद रहे।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.