हिसार | आदमपुर की अनाज मंडी में दुकान नंबर 106-107 को शायद ही कोई पुराना कार्यकर्ता या स्थानीय व्यक्ति भूल पाए। कभी यही जगह पूर्व CM चौधरी भजनलाल की जनसमस्याएं सुनने और राजनीतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र हुआ करती थी। अब इन दुकानों की जगह राजस्थानी शैली में एक भव्य महलनुमा भवन तैयार किया गया है। बता दें कि भाजपा नेता और पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई के नवनिर्मित भवन में बुधवार को गृह प्रवेश समारोह आयोजित किया। इसके लिए आदमपुर में बड़े स्तर पर तैयारियां की गई।

आयोजकों के मुताबिक, करीब 50 हजार लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में प्रदेश और देश की कई प्रमुख राजनीतिक व सामाजिक हस्तियों के शामिल हुई। आइए पढ़ते हैं विस्तार से यहां…
भजनलाल की जनसेवा
दुकान नंबर 106-107 का भजनलाल परिवार से पुराना जुड़ाव रहा है। चौधरी भजनलाल यहां बैठकर लोगों की समस्याएं सुनते थे। दूर-दराज से आने वाले लोग भी उनसे मिलने इसी स्थान पर पहुंचते थे। नवंबर 2022 के आदमपुर उपचुनाव के दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इन दुकानों पर ताला लगाने की बात कही थी। इसके जवाब में कुलदीप बिश्नोई ने जनसेवा केंद्र को और बड़ा बनाने की बात कही थी।
कार्यालय और जिम का सफर
नए भवन को सिर्फ आवास के तौर पर तैयार नहीं किया गया है। इसके पहले तल पर जनसेवा कार्यालय बनाया गया है, जहां लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंच सकेंगे। ऊपर बैठक हॉल और सबसे ऊपरी हिस्से में आवास व जिम की व्यवस्था है। इमारत का बाहरी स्वरूप राजस्थानी स्थापत्य कला पर आधारित है। समारोह के लिए अनाज मंडी के तीन शेड तैयार किए गए थे।
इनमें दो मेहमानों के भोजन और एक खाना बनाने के लिए रखा गया है। पीले रंग के टेंट ने पुराने हजकां दौर की यादें भी ताजा कर दी हैं। कार्यक्रम की शुरुआत हवन-यज्ञ से होगी। भोज में देसी घी का हलवा, कढ़ी-चूरमा, शाही पनीर, सरसों का साग, दाल मखनी, जलेबी और लड्डू सहित कई व्यंजन परोसे जाएंगे।