भैया दूज पर राहुल गांधी से मिले हरियाणा के 200 परिवार, करनाल की बीरमती का चूरमा खाकर छुए पैर

करनाल | त्योहारों की असली खुशी अपनों से मिलने और पुराने रिश्तों को फिर से याद करने में होती है। भैया दूज पर कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली में कुछ ऐसे ही खास रिश्तों को समय दिया। इस दौरान हरियाणा के करनाल और सोनीपत समेत अलग-अलग जगहों से पहुंचे करीब 200 परिवारों से उन्होंने मुलाकात की। बता दें कि दिल्ली के इंदिरा भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में राहुल गांधी ने हर परिवार के लिए अलग-अलग टेबल लगवाई थीं। उन्होंने सभी से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की और तस्वीरें भी खिंचवाईं।

Rahul Gandhi 1

करनाल के तेजिंदर मान का परिवार भी यहां पहुंचा था। तेजिंदर फिलहाल अमेरिका में हैं, इसलिए उनकी मां बीरमती परिवार के साथ दिल्ली आईं। वह अपने हाथों से बनाया चूरमा लेकर पहुंची थीं। राहुल गांधी ने चूरमा खाया और बीरमती के पैर छूकर आशीर्वाद लिया।

अमित मान की तबीयत के बारे में पूछा

तेजिंदर मान के मुताबिक, दीपावली के अगले दिन राहुल गांधी का फोन आया था। उन्होंने पूरे परिवार को भैया दूज पर चाय के लिए बुलाया था। मुलाकात के दौरान राहुल गांधी ने अमेरिका में सड़क हादसे में घायल हुए अमित मान की तबीयत पूछी। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर उनकी टीम हरसंभव मदद करेगी। दरअसल, करीब दो साल पहले हरियाणा विधानसभा चुनाव के दौरान राहुल गांधी करनाल के घोघड़ीपुर गांव पहुंचे थे। वहां उन्होंने अमित मान के परिवार से मुलाकात की थी।

अमित अमेरिका में ट्रक ड्राइवर के तौर पर काम करते थे और सड़क हादसे में घायल हो गए थे। राहुल गांधी ने उनकी मां बीरमती से मिलने का वादा किया था, जिसे अब उन्होंने पूरा किया।

जलेबी लेकर पहुंचे किसान

इस कार्यक्रम में सोनीपत के मुरथल से भगत सिंह का परिवार भी शामिल हुआ। राहुल गांधी ने बच्चों की पढ़ाई और परिवार के कामकाज के बारे में जानकारी ली। वहीं, गोहाना के मदीना गांव निवासी किसान संजय अपने साथ मशहूर जलेबी लेकर पहुंचे। राहुल गांधी से उनकी यह तीसरी मुलाकात थी।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.